मुंबई: जोगेश्वरी ट्रॉमा अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर से रंगदारी वसूलने की कोशिश, मामला दर्ज
मुंबई, 10 मई (आईएएनएस)। मुंबई के जोगेश्वरी स्थित ट्रामा केयर अस्पताल में कार्यरत एक मेडिकल ऑफिसर को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 15 लाख रुपए की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पीड़ित डॉक्टर की शिकायत पर जोगेश्वरी पुलिस ने 3 अज्ञात पुरुषों और 1 महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बोरीवली पश्चिम निवासी 45 वर्षीय डॉ. प्रकाश उमाजी पवार अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। अस्पताल प्रशासन ने उन्हें हज पोर्टल का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उनकी जिम्मेदारी हज यात्रा पर जाने वाले लोगों के वैक्सीनेशन और फिटनेस सर्टिफिकेट से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने की है।
डॉ. पवार ने पुलिस को बताया कि 6 मई 2026 को दोपहर करीब 12.30 बजे वह अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर कक्ष में अपने नियमित काम में व्यस्त थे। इसी दौरान तीन अज्ञात पुरुष और एक महिला वहां पहुंचे। इनमें से एक व्यक्ति ने डॉक्टर से उनका नाम पूछा और फिर अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो दिखाया, जिसमें डॉ. पवार एक कैफे में लैपटॉप पर काम करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो दिखाने के बाद आरोपी ने कहा कि आप सरकारी काम प्राइवेट जगह पर नहीं कर सकते। इसके बाद उसने डॉक्टर को अलग ले जाकर धमकाया और मामले को पैसों के बदले निपटाने का दबाव बनाया। करीब आधे घंटे बाद वही व्यक्ति दोबारा अस्पताल पहुंचा और डॉक्टर के सहकर्मियों के सामने सीधे 15 लाख रुपए की मांग कर दी। आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि 15 लाख रुपए देने होंगे नहीं तो यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएगी। इतना ही नहीं, आरोपी ने डॉक्टर को एक घंटे के भीतर जवाब देने के लिए भी कहा।
डॉ. पवार के अनुसार, इसके बाद उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से लगातार कॉल आने लगे। फोन करने वाले व्यक्ति ने उन्हें पैसे लेकर नीचे आने के लिए कहा। डॉक्टर ने बताया कि जिस वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है, वह 8 अप्रैल 2026 का है। उस दिन वह मालाड पश्चिम स्थित एक कैफे में बैठकर हज यात्रियों के वैक्सीनेशन से संबंधित फिटनेस सर्टिफिकेट पोर्टल पर जानकारी अपलोड कर रहे थे। यह काम केवल उनके लॉग-इन आईडी से ही किया जा सकता था और कार्यालय का समय समाप्त होने के बाद भी लंबित काम पूरा करने के लिए वह कैफे में बैठकर काम कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने चोरी-छिपे उनका वीडियो बना लिया। जोगेश्वरी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रंगदारी, धमकी और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एमएस/

