मुंबई: गोरेगांव फिल्म सिटी में ‘रामायण’ के सेट पर लगी आग, हड़कंप मचा
मुंबई, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। सोमवार शाम मुंबई के गोरेगांव ईस्ट की फिल्म सिटी में शूटिंग के लिए बने एक अस्थायी सेट पर आग लग गई। सेट पर आग लगने से मौके पर हड़कंप मच गया और अफरातफरी मच गई। यह आग रिलायंस मीडियावर्क्स के पास, प्राइम फोकस स्टूडियो के पीछे बने सेट पर लगी।
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) मुंबई फायर ब्रिगेड के अनुसार, आग लगने की सूचना शाम 4:02 बजे मिली और इसे लेवल-वन की घटना माना गया। आग लगभग अस्थायी पीसीआर यूनिट तक ही सीमित रही।
आग से इलेक्ट्रिकल वायरिंग, बिजली के उपकरण, केबल, दरवाजे, लकड़ी के तख्ते, एसी यूनिट, बांस और प्लास्टिक का सामान, साउंड सिस्टम और शूटिंग से जुड़ा अन्य सामान खराब हो गया।
फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और शाम 4:55 बजे तक आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
मौके पर बीएमसी फायर ब्रिगेड, पुलिस, बीएमसी वार्ड कंट्रोल और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें तैनात की गईं।
बताया जा रहा है कि यह सेट डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ से जुड़ा है, जिसमें रणबीर कपूर मुख्य भूमिका में हैं। आग लगने का सही कारण और नुकसान का अंदाजा अभी नहीं लगाया जा सका है।
--आईएएनएस
एमएस/

