Samachar Nama
×

मुंबई : गला घोंटकर दोस्त की हत्या के बाद पूरी रात शव के पास सोते रहे नाबालिग आरोपी

मुंबई, 22 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के डीएन नगर इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो नाबालिग लड़कों ने अपने ही दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी उसी कमरे में रात को शव के पास सो गए।
मुंबई : गला घोंटकर दोस्त की हत्या के बाद पूरी रात शव के पास सोते रहे नाबालिग आरोपी

मुंबई, 22 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के डीएन नगर इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो नाबालिग लड़कों ने अपने ही दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी उसी कमरे में रात को शव के पास सो गए।

डीएन नगर पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 15 और 17 साल के दो नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया गया है। दोनों को बाद में बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह हत्या आपसी झगड़े और बढ़ते तनाव का नतीजा है।

तीनों लड़के बिहार के रहने वाले थे और मुंबई के अंधेरी स्थित गणेश नगर में किराए के एक कमरे में साथ रहते थे। वे पास के एक रेस्टोरेंट में काम करते थे। बाहर से देखने पर उनकी दोस्ती काफी गहरी लगती थी, लेकिन अंदर ही अंदर उनके बीच तनाव बढ़ रहा था।

जांच में सामने आया है कि मृतक अक्सर अपने दोनों साथियों की शिकायत रेस्टोरेंट मालिक से करता था। इस वजह से मालिक आरोपियों को डांटता था, जिससे उनके मन में गुस्सा और नाराजगी बढ़ती गई। इसके अलावा, बताया जा रहा है कि मृतक ने आरोपियों में से एक की बहन के बारे में अपशब्द भी कहे थे, जिससे विवाद और बढ़ गया।

घटना वाले दिन तीनों के बीच कमरे में बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी ने पीड़ित का गला दबाया, जबकि दूसरे ने उसके पैर पकड़कर उसे काबू में रखा। इस दौरान पीड़ित की मौत हो गई।

हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने अपने हाथ-मुंह धोए और उसी कमरे में शव के पास सो गए। अगली सुबह उन्होंने झूठी कहानी बनाई कि उनका दोस्त अचानक बेहोश हो गया था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को कूपर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटने के साफ संकेत मिले हैं।

शुरुआती पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों टूट गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों ने सच्चाई छुपाने के लिए झूठी कहानी बनाई थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पूछताछ में उनकी साजिश सामने आ गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस

Share this story

Tags