मुंबई: फ्री फायर गेम की आईडी को लेकर विवाद, दोस्त ने गला रेतकर की हत्या की कोशिश, 3 गिरफ्तार
मुंबई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई के सांताक्रुज पूर्व इलाके में ऑनलाइन गेम फ्री फायर की आईडी को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या करने की कोशिश की गई। इस मामले में वाकोला पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सलमान फारुक शाह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि घटना 30 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे की है। सलमान, उसका भाई दिलशाद शाह और उसके दोस्त मोहम्मद सोहेल इशारत अली शाह, समीर कमाल शाह, अस्लम शमशुद्दीन शाह, रवी प्रमोद कुमार साकेत सभी सेंट रॉक चर्च, कुंची कुरवे नगर, कलिना और सांताक्रुज पूर्व की सीढ़ियों पर बैठे थे।
भूख लगने पर सलमान अपने घर किस्मत नगर, कुर्ला पश्चिम खाने के लिए गया था। इसी दौरान उसके गांव के दोस्त अरबेज शाह ने उसे फोन कर गाली-गलौज और झगड़ा शुरू कर दिया। यह झगड़ा फेसबुक आईडी पर फ्री फायर ऑनलाइन गेम की आईडी को लेकर था। विवाद सुलझाने के लिए फरियादी ने अपने भाई दिलशाद का मोबाइल नंबर अरबेज को दे दिया।
कुछ देर बाद फरियादी ने भाई को फोन किया तो उसके दोस्त समीर ने फोन उठाकर बताया कि "दिलशाद का गला अरबाज ने चाकू से काट दिया।" फरियादी तुरंत कलिना की ओर भागा। रास्ते में उसे एक एंबुलेंस मिली, जिसमें उसका घायल भाई दिलशाद और उसके दोस्त परवेज और अरबाज थे। दिलशाद के गले पर चाकू के वार थे और खून बह रहा था।
परवेज और अरबाज ने बताया कि अरबेज शाह ने इस शक में हमला किया कि सलमान और उसका भाई उसकी फेसबुक आईडी का इस्तेमाल कर ऑनलाइन गेम खेल रहे हैं। गुस्से में आकर दिलशाद के गले पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी अरबेज शाह, मुसाहिद वकील अहमद खान, कौसर अली जमील शाह और अनस सैयद के खिलाफ केस दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुसाहिद वकील अहमद खान, अरबेज शाह और कौसर अली जमील शाह के रूप में हुई है। पुलिस की ओर से इस मामले से संबंधित आगे की जांच चल रही है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी

