मुंबई सिटी ने ब्राजील के मिडफील्डर एड्रियन बेनावेन्युटो डॉस सैंटोस को किया साइन
मुंबई, 11 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की पूर्व विजेता मुंबई सिटी एफसी ने बुधवार को ब्राजील के 30 वर्षीय अटैकिंग मिडफील्डर एड्रियन बेनावेन्युटो डॉस सैंटोस के टीम में शामिल होने की घोषणा की है।
फोज डो इगुआसु में जन्मे इस बाएं पैर के अटैकिंग मिडफील्डर ने अपना अधिकांश फुटबॉल करियर ब्राजील में बिताया है। उन्होंने यपिरंगा एफसी, फोज डो इगुआसु, कास्कावेल, एटलेटिको डी अलागोइन्हास और रिवर एसी जैसे क्लबों के लिए खेला है। इसके अलावा, वह सैंटो आंद्रे, इनहुमास और मोटो क्लब का भी हिस्सा रहे। दिसंबर 2025 में उन्होंने बार्सिलोना-बीए क्लब में वापसी की थी।
एड्रियन के आने से मुंबई सिटी की टीम में रचनात्मकता आएगी और आक्रमण पंक्ति मजबूत होगी, जिससे 'द आइलैंडर्स' (मुंबई सिटी) को इस सीजन में अपने लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी। मुंबई सिटी के अटैकर एड्रियन बेनावेन्युटो डॉस सैंटोस ने कहा, "मुझे यह मौका देने के लिए मैं आभारी हूं और इस टीम का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हूं। मैं जब भी मैदान पर उतरूं, तो अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहता हूं, अपने साथियों की मदद करना चाहता हूं और प्रशंसकों को गौरवान्वित करना चाहता हूं।"
मुंबई सिटी एफसी के फुटबॉल निदेशक सुजय शर्मा ने कहा, "लिएंड्रो के सीजन खत्म करने वाली चोट के कारण हमने उनकी जगह एड्रियन को टीम में शामिल किया है, ताकि टीम के पास विकल्प बने रहें और स्क्वॉड की गहराई बनी रहे। हमें उम्मीद है कि एड्रियन अपना पूरा योगदान देंगे और अच्छे परिणाम हासिल करने में हमारी मदद करेंगे।"
अगस्त 2014 में स्थापित मुंबई सिटी एफसी इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में खेलने वाला एक प्रमुख भारतीय फुटबॉल क्लब है। यह टीम सुपर कप (2017 से) और डूरंड कप (2022 से) में भी हिस्सा लेती है। 'द आइलैंडर्स' के नाम से मशहूर मुंबई सिटी एफसी ने 2020/21 सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए आईएसएल लीग शील्ड और आईएसएल कप दोनों खिताब जीते थे। इसके बाद क्लब ने 2022/23 में एक और आईएसएल लीग शील्ड अपने नाम की, जबकि 2023/24 में दूसरा आईएसएल कप जीतकर अपनी ट्रॉफियों की संख्या चार तक पहुंचाई।एशियाई मंच पर भी मुंबई सिटी एफसी ने अपनी पहचान बनाई है। टीम ने 2022 और 2023/24 सीजन में एएफसी चैंपियंस लीग में भाग लिया और इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मैच जीतने वाला पहला भारतीय क्लब बनने का गौरव हासिल किया।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

