Samachar Nama
×

मुंबई एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आए यात्री के पास से 2.27 करोड़ रुपए की हाइड्रोपोनिक वीड बरामद, गिरफ्तार

मुंबई, 22 जून (आईएएनएस)। मुंबई कस्टम्स ने बैंकॉक से मुंबई पहुंचे एक यात्री को करोड़ों रुपए मूल्य की मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से करीब 2.27 करोड़ रुपए मूल्य की हाइड्रोपोनिक वीड (कैनबिस) बरामद की गई है।
मुंबई एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आए यात्री के पास से 2.27 करोड़ रुपए की हाइड्रोपोनिक वीड बरामद, गिरफ्तार

मुंबई, 22 जून (आईएएनएस)। मुंबई कस्टम्स ने बैंकॉक से मुंबई पहुंचे एक यात्री को करोड़ों रुपए मूल्य की मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से करीब 2.27 करोड़ रुपए मूल्य की हाइड्रोपोनिक वीड (कैनबिस) बरामद की गई है।

कस्टम्स अधिकारियों के अनुसार, विशेष खुफिया सूचना के आधार पर छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैंकॉक से आए एक यात्री बल धारी मान (42), निवासी दिल्ली को रोका गया।

इसके बाद यात्री के सामान की तलाशी ली गई। जांच के दौरान उसके ट्रॉली बैग में कपड़ों के बीच तीन संदिग्ध पैकेट मिले। जब इन पैकेटों को काटकर खोला गया तो उनमें पौधे के फलदार और फूल वाले हिस्से भरे हुए पाए गए, जिन्हें हाइड्रोपोनिक वीड (कैनबिस) माना जा रहा है।

कस्टम्स अधिकारियों ने जब्त सामग्री का वजन किया, जिसमें कुल 2,272 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 2.27 करोड़ रुपए आंकी गई है।

मुंबई कस्टम्स के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रतिबंधित मादक पदार्थ को भारत में तस्करी कर लाने के बदले मोटी रकम हासिल कर रहा था।

कस्टम्स ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इसी महीने, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आई 28 वर्षीय महिला यात्री को गिरफ्तार किया।

कस्टम अधिकारियों ने महिला के ट्रॉली बैग की तलाशी के दौरान 12 वैक्यूम-सील्ड पैकेट बरामद किए, जिनमें 11.824 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (हाई क्वालिटी गांजा) मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 11.82 करोड़ रुपए आंकी गई।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी महिला एक कंपनी में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। कस्टम विभाग ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags