मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी बनेगा विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र: राजेश शुक्ल
भोपाल, 27 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्र में मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी स्थित है। राज्य के उपमुख्यमंत्री राजेश शुक्ल ने कहा कि इस विश्व स्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।
डिप्टी सीएम राजेश शुक्ल ने सोमवार को मंत्रालय में मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी के उन्नयन एवं विस्तार कार्यों की समीक्षा करते हुए मास्टर प्लान के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी का विस्तार केवल पर्यटन की दृष्टि से ही नहीं, बल्कि प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, अनुसंधान और जन-जागरूकता को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी मध्य प्रदेश की विशिष्ट पहचान है और इसे राष्ट्रीय स्तर का उत्कृष्ट वन्यजीव संरक्षण एवं इको-टूरिज्म केंद्र बनाया जाए। बैठक में वर्ष 2026-27 से 2045-46 तक की अवधि के लिए तैयार मास्टर प्लान की समीक्षा की गई। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार इस मास्टर प्लान में वर्तमान 121.99 हेक्टेयर क्षेत्र के साथ 119.87 हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र को शामिल करते हुए कुल 241.86 हेक्टेयर में सफारी के विस्तार का प्रस्ताव है।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रस्तावित विकास कार्यों में आधुनिक एवं प्राकृतिक वातावरण वाले पशु बाड़ों, संरक्षण प्रजनन केंद्रों, वन्यजीव रेस्क्यू सुविधाओं, पर्यटकों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं तथा प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण पर आधारित इंटरएक्टिव एजुकेशन सेंटर की स्थापना को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान के प्रत्येक चरण का क्रियान्वयन केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के मानकों के अनुरूप किया जाए और पशु कल्याण, प्राकृतिक आवास आधारित डिजाइन, पर्यावरणीय स्थिरता और विज़िटर मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाए।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी

