Samachar Nama
×

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संजू सैमसन से की मुलाकात, भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज को बनाया 'जन कौशल केंद्र' का ब्रांड एंबेसडर

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संजू सैमसन से की मुलाकात, भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज को बनाया 'जन कौशल केंद्र' का ब्रांड एंबेसडर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संजू सैमसन से की मुलाकात, भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज को बनाया 'जन कौशल केंद्र' का ब्रांड एंबेसडर

नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन से खास मुलाकात की। सैमसन को मोती नगर के 'जन कौशल केंद्र' का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।

सीएम रेखा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "संजू का दिल्ली से एक खास रिश्ता है, जहां उन्होंने अपने शुरुआती साल बिताए और अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की। अब, मदन लाल खुराना फाउंडेशन द्वारा नियुक्त 'जन कौशल केंद्र, मोती नगर' के ब्रांड एंबेसडर के तौर पर वह दिल्ली के युवाओं को कौशल, अवसरों और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करेंगे। इस मौके पर विधायक श्री हरीश खुराना, ट्रिनिटी फाउंडेशन और आईएसीटी एजुकेशन के वरिष्ठ सदस्य भी मौजूद थे।"

संजू सैमसन का प्रदर्शन अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई टी20 इंटरनेशनल सीरीज में शानदार रहा। पहले मैच में फ्लॉप रहने के बाद सैमसन ने दूसरे और तीसरे टी20 में अर्धशतकीय पारी खेली। दूसरे टी20 में संजू ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान सैमसन ने 7 चौके और 4 छक्के लगाए।

वहीं, तीसरे टी20 में भी सैमसन का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने 35 गेंदों का सामना करते हुए 50 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। संजू ने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 9.5 ओवर में 142 रन जोड़े। अभिषेक इस दौरान फुल मेंबर देशों की तरफ से सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने महज 30 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 221 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में अफगानिस्तान की पूरी टीम 94 रन बनाकर ऑलआउट हुई। भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया।

संजू सैमसन के लिए यह साल अब तक शानदार गुजरा है। टी20 विश्व कप 2026 में उनका प्रदर्शन दमदार रहा था और उन्होंने भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने टूर्नामेंट में खेले 5 मैचों में 321 रन बनाए थे और वह 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे थे।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story