दिल्ली की मुख्यमंत्री और एलजी ने वासुदेव घाट का दौरा, सुरक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा
नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के साथ बुधवार को वासुदेव घाट का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान दोनों नेताओं ने घाट पर संचालित नावों की स्थिति, यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और लोहे के बने पुल की मजबूती की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वासुदेव घाट न केवल स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण है बल्कि यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक भी आते हैं। ऐसे में यहां की साफ-सफाई, सुरक्षा और सुविधाओं का बेहतर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में जब से भाजपा की सरकार आए है तब से तेजी से विकास हो रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि लोगों की समस्याओं को जल्द से जल्द दूर किया जाए और दिल्ली में स्वच्छ हवा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वहीं, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली में मौसम के अनुसार आने वाली चुनौतियों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “आप सभी दिल्ली की परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं। गर्मियों में पानी की कमी और जल स्तर गिरने जैसी समस्याएं सामने आती हैं, जबकि बरसात के मौसम में जलभराव और प्रदूषण की चुनौती बढ़ जाती है।”
उन्होंने कहा कि इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घाट की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पानी की उपलब्धता, साफ-सफाई व्यवस्था और संभावित जोखिमों का विस्तृत आकलन किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री और वे स्वयं नियमित रूप से ऐसे स्थलों का दौरा करते रहेंगे ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर जारी रहे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही तुरंत बड़े बदलाव दिखाई न दें लेकिन छोटे-छोटे निरंतर सुधारों के माध्यम से स्थिति को बेहतर बनाया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि आम जनता को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
स्थानीय निवासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में वासुदेव घाट की स्थिति में स्पष्ट सुधार देखने को मिलेगा।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

