Samachar Nama
×

'मुकदमा साबित हुआ तो राजनीति से दे दूंगा इस्तीफा', अखिलेश यादव को विनीत सिंह की चुनौती

'मुकदमा साबित हुआ तो राजनीति से दे दूंगा इस्तीफा', अखिलेश यादव को विनीत सिंह की चुनौती
'मुकदमा साबित हुआ तो राजनीति से दे दूंगा इस्तीफा', अखिलेश यादव को विनीत सिंह की चुनौती

वाराणसी, 16 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कथित 'माफिया लिस्ट' को लेकर घमासान तेज हो गया है। इस मामले में एमएलसी विनीत सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर पलटवार किया। उन्होंने लिस्ट में अपना नाम शामिल किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके खिलाफ पूरे भारत में कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है। विनीत सिंह ने अखिलेश यादव को सलाह दी कि किसी भी व्यक्ति का नाम सार्वजनिक रूप से लेने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल कर लेनी चाहिए। बिना तथ्यों की पुष्टि किए इस तरह की बात नहीं रखनी चाहिए।

विनीत सिंह ने कहा कि इस मामले में पहले भी मीडिया के लोग उनसे बातचीत करने आए थे। उन्होंने बताया कि जिस हाईकोर्ट का जिक्र किया जा रहा है, वहां सैकड़ों लोगों के नाम सामने आए थे। अदालत का सवाल केवल इतना था कि जिन लोगों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, उनके लाइसेंस कैसे जारी किए गए। उन्होंने दावा किया कि सरकार की ओर से इस सवाल का जवाब दिया जा चुका है। ऐसे में चुनिंदा लोगों के नाम लेकर चर्चा करना उचित नहीं है। अलग-अलग समुदायों और जातियों के लोगों के नाम वाली सूची हाईकोर्ट तक पहुंची थी।

एमएलसी ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने साजिश और षड्यंत्र के तहत चुनिंदा नामों की सूची अखिलेश यादव तक पहुंचाई। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम लिए जा रहे हैं, उन्हें अपनी सफाई देने का अधिकार है, लेकिन जिनका नाम सूची में शामिल किया गया है, उनके खिलाफ तथ्यों की जांच जरूरी है। विनीत सिंह ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को चुनौती देते हुए कहा कि यदि पूरे भारत में उनके खिलाफ कोई मुकदमा, धरना-प्रदर्शन अथवा आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज हो, तो वह राजनीति से इस्तीफा देने को तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ ऐसा कोई मुकदमा नहीं है, जिसके आधार पर उनका नाम इस सूची में लिया जाए।

विनीत सिंह ने कहा कि किसी व्यक्ति या समाज को निशाना बनाने से राजनीतिक लाभ नहीं मिलता, बल्कि इसका नुकसान होता है। उन्होंने 2007 में बसपा और 2012 में सपा की सरकार बनने का जिक्र करते हुए कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए सभी समाजों को साथ लेकर चलना जरूरी है। न्होंने कहा कि किसी विशेष समाज को निशाना बनाने से नुकसान उसी राजनीति को उठाना पड़ता है। विनीत सिंह के मुताबिक, भाजपा ओबीसी, सवर्ण और अनुसूचित जाति सहित सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से भाजपा सत्ता में है और आगे भी सरकार बनाएगी। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि इस संकल्प को पूरा करने के लिए पार्टी लगातार काम करेगी।

यह पूछे जाने पर कि क्या अखिलेश यादव ने उन्हें बदनाम करने के इरादे से उनका नाम लिया है, विनीत सिंह ने कहा कि किसी के नाम लेने भर से कोई बदनाम नहीं होता। उन्होंने कहा कि मुकदमों का फैसला न्यायालय करता है और किसी व्यक्ति को बरी किए जाने के बाद अदालत के फैसले पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा 2027 में फिर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। उनके मुताबिक, इस समय की बयानबाजी राजनीतिक बौखलाहट का परिणाम है और ऐसी स्थिति में कोई भी कुछ भी कह सकता है।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story