मुझे लगता है कि यह सब माइंडसेट की बात है, वेलिंग्टन टेस्ट के दूसरे दिन शानदार पारी खेलने के बाद बोले यशस्वी जायसवाल
नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने कहा कि वेलिंग्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में उनकी शानदार 85 रनों की पारी के पीछे मानसिक मजबूती, धैर्य और लगातार एक जैसी सोच का बड़ा हाथ था। उन्होंने बताया कि नई गेंद की मूवमेंट के हिसाब से खुद को ढालना और रन बनाने के तरीके खोजना उनकी बल्लेबाजी की रणनीति का अहम हिस्सा था।
शुक्रवार को वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में दूसरे दिन यशस्वी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 85 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके चलते टीम इंडिया ने स्टंप्स होने तक एक विकेट खोकर 159 रन बना लिए हैं। जायसवाल ने 89 गेंदों पर 16 चौकों की मदद से 85 रन बनाए। केएल राहुल (52 रन पर नाबाद) के साथ उनकी 130 रनों की ओपनिंग साझेदारी ने भारत को एक मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इससे पहले, न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए।
बीसीसीआई द्वारा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पर शेयर किए वीडियो में जायसवाल ने कहा, "मुझे लगता है कि यह सब माइंडसेट (सोच) की बात है। आप कैसे खेलना चाहते हैं, मैदान पर जाकर नई गेंद का सामना कैसे करना चाहते हैं, यह पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करता है कि आप मानसिक रूप से कितने मजबूत हैं। हमें पता है और हम यह स्वीकार करते हैं कि गेंद सीम और स्विंग होगी और हम अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगे। यही हमारा माइंडसेट है, हम मैदान पर जाएंगे और रन बनाने का रास्ता खोजेंगे।"
उन्होंने कहा, "मेरा माइंडसेट कुछ ऐसा ही है। इसी तरह से मैं रन बनाऊंगा और क्रीज पर टिका रहूंगा। मैं लगातार इसी पर काम कर रहा हूं। इस खेल की यही मांग है। आपको अपने रूटीन में लगातार बने रहना होता है, अपना ध्यान खेल पर केंद्रित रखना होता है और कड़ी मेहनत करनी होती है और फिर अचानक से आपको रन मिलने शुरू हो जाएंगे।"
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड में बल्लेबाजी करने के अपने अनुभव के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि वहां की अनुशासित गेंदबाजी के सामने उन्हें अपनी रणनीति में लगातार बदलाव करने पड़े। न्यूजीलैंड ए के खिलाफ भारत ए के मैचों सहित, इस देश में काफी समय बिताने के बाद उन्होंने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के लिए तैयार होने में मदद की।
यशस्वी ने कहा, "जब मैं बल्लेबाजी करने उतरा तो बहुत अच्छा लगा और मैं इसका पूरा आनंद ले रहा था, क्योंकि मैं हमेशा से यहां आकर खेलना चाहता था। यह एक बहुत ही अच्छा अनुभव रहा। वे वास्तव में बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे। इसलिए मैं लगातार अपनी रणनीति बदलता रहा, मैं क्या कर सकता हूं, कैसे रन बना सकता हूं, या इस तरह की पिच और स्थिति में कैसे बल्लेबाजी कर सकता हूं। यह बहुत अच्छा था; मैं सच में इसका मजा ले रहा था।"
उन्होंने कहा, "मेरी शुरुआती योजना बस स्ट्राइक रोटेट करते रहने की थी और अगर कोई खराब गेंद मिलती, तो मैं उस पर रन बनाने की कोशिश करता। मुझे लगता है कि शुरुआत में केएल राहुल ने भी बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। हमें लगा कि गेंद काफी हरकत कर रही थी। इसी कारण हमने यही सोचा कि अगर कोई खराब गेंद मिलती है, तो हम स्ट्राइक रोटेट करेंगे और रन बनाने की कोशिश करेंगे और जब हम क्रीज पर जम गए तो हमने तय किया कि बस खेलते रहना है और एक अच्छी साझेदारी बनानी है।" उन्होंने अपनी शतकीय साझेदारी के दौरान दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने अलग-अलग गेंदबाजी स्पेल का सामना करने के लिए चर्चा की और साथ ही सही क्रिकेटिंग शॉट्स खेलते हुए आक्रामक रवैया भी बनाए रखा।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमने इस बारे में काफी बात की कि हम अलग-अलग स्पेल का सामना कैसे करें। अगर हमें रन मिल रहे हैं, तो हम किस गेंदबाज को निशाना बना सकते हैं और अच्छे क्रिकेटिंग शॉट्स खेलते हुए आगे बढ़ सकते हैं। केएल राहुल हमेशा की तरह बहुत शांत रहते हैं। उन्होंने जिस तरह से जेमिसन के स्पेल का सामना किया, वह कमाल का था। जेमिसन वास्तव में बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन केएल ने बहुत शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने अपना ध्यान पूरी तरह से खेल पर रखा और मुझे भी फोकस बनाए रखने के लिए कहते रहे, जिससे काफी मदद मिली।"
--आईएएनएस
एसएम/वीसी

