मुझे बांकीपुर की जनता पर भरोसा, नीरज कुमार सिन्हा को प्रचंड मतों से विजयी बनाएगी: नितिन नवीन
पटना, 11 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपना नया उम्मीदवार घोषित कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने मुलाकात की। इसके बाद भाजपा चीफ ने कहा कि मुझे बांकीपुर की जनता पर भरोसा है कि वे भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जिताएगी।
भाजपा चीफ नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बांकीपुर की माटी से जुड़े युवा एवं समर्पित कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी घोषित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं। बूथ से लेकर मंडल स्तर तक संगठन के लिए उनका निरंतर समर्पण इस दायित्व का आधार है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि बांकीपुर की देवतुल्य जनता नीरज कुमार सिन्हा भारती को अपना आशीर्वाद देकर उन्हें प्रचंड मतों से विजयी बनाएगी तथा विकास और सुशासन की इस यात्रा को आगे बढ़ाएगी।
भाजपा चीफ नितिन नवीन बांकीपुर से 2025 के विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीते थे। राज्यसभा सदस्य के तौर पर जीत हासिल करने के बाद उन्होंने बांकीपुर विधानसभा सीट छोड़ दी थी। इस्तीफा देने के बाद खाली हुई सीट पर हाल ही में भारतीय चुनाव आयोग ने उपचुनाव कराने के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था।
बिहार भाजपा चीफ संजय सरावगी ने बताया कि शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और डिप्टी सीएम विजय चौधरी के साथ बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के साथ मुलाकात की। इस अवसर पर उन्हें जीत की शुभकामनाएं दी।
डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन एवं सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ एनडीए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता का भरपूर आशीर्वाद प्राप्त करेगा।
बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि मुझे विश्वास है कि नीरज कुमार सिन्हा बांकीपुर के सर्वांगीण विकास के संकल्प को मजबूती से धरातल पर उतारेंगे और क्षेत्र की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे। उनके नेतृत्व में बांकीपुर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी

