एमएससीबी यूनिवर्सिटी के कुलपति ने दो प्रोफेसरों पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को किया खारिज
बारीपदा (ओडिशा), 22 नवंबर (आईएएनएस)। महाराजा श्रीराम चंद्र भंजदेव (एमएससीबी) विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर महेंद्र कुमार महंती ने शनिवार को दो एसोसिएट प्रोफेसरों पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्टों, आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी ) की जांच के नतीजों को ठीक से समझे बिना ही संस्थान की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रही हैं।
यह विवाद एक छात्रा द्वारा विश्वविद्यालय के दो एसोसिएट प्रोफेसरों के खिलाफ कथित अनुचित व्यवहार को लेकर दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। कुलपति के अनुसार, यह घटना कुछ समय पहले हुई थी जबकि छात्रा ने अपने परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद 11 अगस्त को औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। यह शिकायत विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) को भेजी गई थी, जिसने अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंप दी है।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रोफेसर महंती ने कहा कि आईसीसी की रिपोर्ट की ठीक से जांच किए बिना विश्वविद्यालय पर आरोप लगाना अनुचित है। उन्होंने बताया कि छात्रा ने शुरुआत में अपने अंक कम होने को लेकर उनसे संपर्क किया था। इसके बाद 11 अगस्त को मिली शिकायत के आधार पर रजिस्ट्रार ने इन आरोपों के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी।
कुलपति ने बताया कि बाद में छात्रा ने विश्वविद्यालय को सूचित किया कि उसने 21 सितंबर को 'शी-बॉक्स' पोर्टल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। महंती ने दावा किया कि आईसीसी की रिपोर्ट में प्रक्रिया संबंधी कोई अनियमितता नहीं है। शिकायत में कथित घटना की तारीख और जगह के बारे में भी स्पष्टता नहीं थी।
उन्होंने कहा कि अगर जांच रिपोर्ट से कोई गलत काम या दुर्भावनापूर्ण इरादा साबित होता है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगे की जरूरी कार्रवाई के लिए आईसीसी की रिपोर्ट उच्च शिक्षा विभाग को भी भेज दी जाएगी। कुलपति ने यह भी आरोप लगाया कि इस विवाद के जरिए जानबूझकर विश्वविद्यालय से जुड़े एक जाने-माने वैज्ञानिक की प्रतिष्ठा को धूमिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी रिपोर्टें न केवल संबंधित व्यक्ति पर असर डाल रही हैं बल्कि पूरे संस्थान की छवि को भी नुकसान पहुंचा रही हैं।
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए महंती ने कहा कि विश्वविद्यालय उन मीडिया संगठनों के खिलाफ उचित कदम उठाने पर विचार करेगा जो ऐसी रिपोर्टें प्रकाशित कर रहे हैं जिनसे उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचता है।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम

