Samachar Nama
×

एमपीएससी छात्रों के प्रदर्शन को जयंत पाटिल का समर्थन, कहा- आयोग की कार्यप्रणाली में सुधार जरूरी

एमपीएससी छात्रों के प्रदर्शन को जयंत पाटिल का समर्थन, कहा- आयोग की कार्यप्रणाली में सुधार जरूरी
एमपीएससी छात्रों के प्रदर्शन को जयंत पाटिल का समर्थन, कहा- आयोग की कार्यप्रणाली में सुधार जरूरी

पुणे, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) से जुड़े छात्रों के प्रदर्शन को लेकर एनसीपी (एसपी) नेता जयंत पाटिल ने सरकार से मामले पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों पर सरकार को विचार करना चाहिए और आयोग की कार्यप्रणाली में सुधार किया जाना जरूरी है। प्रदर्शनकारी छात्रों की ओर से एमपीएससी अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग का भी उन्होंने उल्लेख किया।

जयंत पाटिल ने कहा कि छात्रों की मुख्य मांग है कि एमपीएससी के काम करने के तरीके में सुधार किया जाए। उन्होंने बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर चिंता जताई और कहा कि ऐसी स्थिति को ठीक किया जाना चाहिए। एमपीएससी कई वर्षों से काम कर रहा है, लेकिन पहले उन्होंने इस तरह पेपर लीक की घटनाओं के बारे में नहीं सुना था। उन्होंने अपने राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में उनकी सरकार भी रही है और करीब 15 वर्षों के उस दौर या उससे पहले भी इस तरह पेपर लीक की घटनाएं सामने नहीं आती थीं। उन्होंने सरकार से छात्रों की शिकायतों और उनकी मांगों पर ध्यान देने की अपील की।

जयंत पाटिल ने राहुल गांधी के लगातार जारी कार्यक्रमों और विरोध-प्रदर्शनों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का देशभर में कार्यक्रम चल रहा है और जिस तरह वह अब विरोध के मोड में आए हैं, उसका प्रभाव दिन-ब-दिन बढ़ता दिखाई दे रहा है। सीजेपी अपनी जगह पर विरोध कर रहा है, लेकिन देश से जुड़े अलग-अलग मुद्दों को लेकर राहुल गांधी भी लगातार आक्रामक तरीके से विरोध कर रहे हैं। इस दौरान पाटिल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाले गए मार्च का उल्लेख किया।

पाटिल ने आगे कहा कि देश में अलग-अलग मुद्दों पर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच राहुल गांधी की सक्रियता बढ़ी है और वे विभिन्न विषयों को लेकर लगातार अपनी बात रख रहे हैं।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story