एमपीएससी भर्ती 2026: एमएसएस जूनियर ग्रेड के 11 पदों पर आवेदन शुरू, 25 मई आखिरी तारीख
आइजोल, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के लाखों युवाओं का सपना सिविल सेवक बनने का होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए मिजोरम लोक सेवा आयोग (एमपीएससी), न्यू कैपिटल कॉम्प्लेक्स, ऐजोल ने डीपी और एआर (एसएसडब्ल्यू) विभाग में सीमित विभागीय परीक्षा (एलडीई) के तहत समूह ‘ए’ (राजपत्रित) एमएसएस जूनियर ग्रेड के कुल 11 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
एमपीएससी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 25 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट के शाम 04.00 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों का असिस्टेंट पद पर कम से कम 5 वर्षों की नियमित सेवा किया होना अनिवार्य है। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास मिजोरम सचिवालय सेवा नियम, 2007 और इसके बाद के किए गए संशोधन के आधार पर योग्यता होना भी अनिवार्य है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन सीमित विभागीय परीक्षा (एलडीई) और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी वेतन मैट्रिक्स में स्तर 10 के अनुसार प्रति माह होगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले मिजोरम लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
कैंडिडेट्स के लिए परीक्षा का पाठ्यक्रम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

