मदर्स डे पर कूनो नेशनल पार्क की खास पहल, चीतों की नई पीढ़ी पर शॉर्ट फिल्म जारी
श्योपुर, 10 मई (आईएएनएस)। मदर्स डे के अवसर पर मध्य प्रदेश स्थित कूनो नेशनल पार्क एक बार फिर सुर्खियों में है। वजह है यहां तेजी से बढ़ती चीतों की नई पीढ़ी और मदर्स डे 2026 के मौके पर पार्क प्रबंधन द्वारा जारी की गई एक खास शॉर्ट फिल्म।
मदर्स डे के अवसर पर जारी इस फिल्म में मादा चीतों और उनके शावकों की की अठखेलियां और उनकी कहानी को सार्वजनिक किया गया है। साथ ही, शावकों की कहानी भी जारी की गई है। इस पहल के जरिए भारत में चीतों की नई पीढ़ी को स्थापित करने में मादा चीतों के योगदान को सम्मान दिया गया है। देश में चीता प्रोजेक्ट को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी माना जा रहा है।
कूनो नेशनल पार्क प्रबंधन की ओर से जारी की गई इस फिल्म में मादा चीतों की ममता, संघर्ष, अनुकूल क्षमता और जंगल में उनके सफल जीवन की खूबसूरती को दिखाया गया है। वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे यह चीता अपने शावकों की देखभाल कर उन्हें जंगल के माहौल में ढाल रही है। वीडियो में इसकी झलक देखने को मिलती है।
वर्तमान में कूनों नेशनल पार्क में कुल 54 चीते हैं, जिनमें से 15 चीते खुले जंगल में घूम रहे हैं। इनमें से 39 चीते बड़े बाड़े में रह रहे हैं। शावकों को गर्मी से बचाने के लिए कूनो प्रबंधन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यही वजह है कि भारत के कूनो नेशनल पार्क में जन्मे शावक न केवल अठखेलियां कर रहे हैं, बल्कि छोटे वन्यजीवों और पक्षियों पर झपट्टा मारते हुए भी नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि शावकों के लिए भारत की भीषण गर्मी का ये मौसम है। लिहाजा मादा चीतों द्वारा इन शावकों को गर्मी से भी बचाव करने का प्रयास करती नजर आती है.
कूनो नेशनल पार्क प्रबंधन डीएफओ आर थिरुकुराल ने इस अवसर पर फील्ड स्टाफ पशु चिकित्सकों और वन अधिकारियों की मेहनत की सराहना की। कूनो नेशनल पार्क में जन्मे सभी शावक बेहतर ढंग से सर्वाइव कर रहे है। गर्मी के बचाने के लिए उनको सभी तरह के प्रयास भी कूनो नेशनल पार्क में किए गए है।
--आईएएनएस
पीएसके

