सिक्किम में लैंडस्लाइड से 20 से ज्यादा घर प्रभावित, वीडियो में जाने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। सिक्किम के ग्यालशिंग जिले के रिंबी गांव में लगातार बारिश के बाद गुरुवार रात बड़ा लैंडस्लाइड हुआ। इसमें कई घर और सरकारी क्वार्टर क्षतिग्रस्त हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
सिक्किम में लैंडस्लाइड से मची तबाही
लगातार बारिश के कारण रिंबी गांव में पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गया। कई मकान और बिजली विभाग के सरकारी क्वार्टर इसकी चपेट में आए। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इससे पहले भी रिंबी इलाके में बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं सामने आ चुकी हैं और कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था।
ओडिशा में बारिश और बाढ़ का खतरा
बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम तट पार करने के बाद कमजोर हुआ है, लेकिन इसके प्रभाव से ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का खतरा बना हुआ है। मौसम प्रणाली के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश दर्ज की गई।मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। निचले इलाकों में जलभराव और अचानक बाढ़ की स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।
मध्य प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट
मध्य प्रदेश में भी सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। जबलपुर समेत कई जिलों में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
बिहार और हरियाणा में भी बारिश
बिहार के कई जिलों में आज बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, हरियाणा के यमुनानगर, करनाल और पानीपत समेत कई जिलों में बारिश होने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

