मॉरली ग्रे किरदारों पर अक्षय ओबेरॉय बोले-वो खुद को कभी कहानी का विलेन नहीं समझते
मुंबई, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता अक्षय ओबेरॉय क्राइम थ्रिलर फिल्म 'गजब रात' में सीबीआई अधिकारी 'महोक' के किरदार में नजर आ रहे है। अभिनेता का कहना है कि मॉरली ग्रे किरदारों में उन्हें सबसे ज्याद ये बात पसंद आती है कि वे कभी भी खुद को कहानी का विलेन नहीं समझते।
अपने डार्क शेड वाले किरदारों को लेकर इंटरेस्ट पर बात करते हुए अक्षय ने कहा, "मुझे मॉरली ग्रे किरदारों में जो बात सबसे ज्यादा दिलचस्प लगती है, वो ये है कि वो खुद को कभी अपनी कहानी का विलेन नहीं समझते। हर किसी के पास वो करने की अपनी वजह होती है जो वो करता है और एक एक्टर के तौर पर उस माइंडसेट को एक्सप्लोर करना बेहद दिलचस्प होता है।"
उन्होंने कहा, "इस तरह के किरदार मुझे अलग-अलग इमोशन्स, कॉन्ट्राडिक्शन्स और अनएक्सपेक्टेड खूबियों के साथ एक्सपेरिमेंट करने की आजादी देते हैं, जो शायद एक कन्वेंशनल हीरो के साथ हमेशा मुमकिन नहीं होता। मुझे ऐसे किरदार निभाना पसंद है जो एक परफॉर्मर के तौर पर मुझे चैलेंज करें और हर प्रोजेक्ट के साथ कुछ नया सीखने को मिले।"
रितेश शाह द्वारा निर्देशित फिल्म में नुसरत भरुचा, मनोज बाजपेयी, दिव्या दत्ता, साकिब सलीम और कीकू शारदा भी नजर आ रहे हैं। फिल्म का नाम पहले टाइटल घूसखोर पंडत था, जिसे बाद में बदलकर गजब रात कर दिया गया।
फिल्म में मनोज बाजपेयी (एक भ्रष्ट पुलिसवाले के रूप में) के साथ इस कहानी का घटनाक्रम एक ही रात में आगे बढ़ता है, जहां अक्षय ओबेरॉय का किरदार इस पूरे मामले और साजिश की परतें खोलने में अहम भूमिका निभाता है।
यह फिल्म दिल्ली में एक ही रात के दौरान घटने वाली घटनाओं पर आधारित है। मनोज बाजपेयी ने इसमें 'अजय निर्वित' नाम के एक घूसखोर सब इंस्पेक्टर की भूमिका निभाई है, जिसकी प्राथमिकता लोगों की सेवा करना नहीं बल्कि पैसा कमाना है। रात में एक चलती गाड़ी से एक गंभीर रूप से घायल लड़की को सड़क पर फेंक दिया जाता है। यह केस अजय को मिलता है और वह इससे मोटी कमाई की फिराक में होता है लेकिन धीरे-धीरे उसकी अंतरात्मा जागती है और वह इस खतरनाक और पेचीदा साजिश के रहस्यों को सुलझाने की कोशिश करता है।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम

