मोंटाना के गवर्नर की भारत यात्रा, सर्जियो गोर ने बताया क्यों है ये अहम?
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। अमेरिका के मोंटाना राज्य के गवर्नर ग्रेग जियानफोर्टे और उनके प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली का दौरा किया। इस दौरान भारत में मौजूद अमेरिकी मिशन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा की।
इस मुलाकात को लेकर अमेरिकी दूतावास की ओर से सोमवार को सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की गई। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने पोस्ट में कहा कि मोंटाना के गवर्नर और उनके प्रतिनिधिमंडल का नई दिल्ली में स्वागत कर खुशी हुई। बैठक के दौरान मोंटाना के बिजनेस को भारत में विस्तार देने की संभावनाओं पर बात हुई। निवेश संबंधी कमर्शियल रिश्तों को बढ़ाने के नए अवसरों पर चर्चा हुई।
गवर्नर जियानफोर्टे का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारत और अमेरिका अपने व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। केंद्र सरकार के स्तर पर तो बातचीत लगातार चल ही रही है, लेकिन अब राज्य स्तर पर भी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इस बैठक में इसी बात पर फोकस रहा कि कैसे स्टेट-लेवल एंगेजमेंट से दोनों देशों की व्यापक आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाया जा सकता है।
बता दें कि मोंटाना अमेरिका का एक महत्वपूर्ण कृषि और ऊर्जा प्रधान राज्य है। यहां गेहूं, जौ और दलहन का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है, साथ ही यह बीफ प्रोडक्शन और टेक्नोलॉजी सेक्टर में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत, जो दुनिया के सबसे बड़े बाजारों में से एक है, मोंटाना के प्रोडक्ट्स को एक बड़ा अवसर प्रदान कर सकता है। वहीं भारत के लिए भी मोंटाना में टेक्नोलॉजी, एविएशन और एनर्जी सेक्टर में निवेश की संभावनाएं हैं।
डिप्लोमेसी के लिहाज से देखें तो इस तरह की राज्य-स्तरीय यात्राएं दोनों देशों के बीच पीपल-टू-पीपल और बिजनेस-टू-बिजनेस कनेक्शन को मजबूत करती हैं। जब अमेरिकी राज्यों के गवर्नर सीधे भारत आकर कारोबार की संभावनाएं तलाशते हैं तो इससे न सिर्फ व्यापार बढ़ता है बल्कि रोजगार और इनोवेशन के नए रास्ते भी खुलते हैं।
--आईएएनएस
केआर/

