राजस्थान में मानसून का कहर: वीडियो में जाने बांसवाड़ा-डूंगरपुर में रेड अलर्ट, 27 जुलाई तक भारी बारिश के आसार; मुंबई रूट की 3 ट्रेनें रद्द
राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार सुबह से अलवर, राजसमंद, कोटपूतली-बहरोड़, टोंक और जालोर समेत कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिणी हिस्सों में अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी करते हुए बांसवाड़ा और डूंगरपुर के लिए रेड अलर्ट घोषित किया है।
2 जिलों में रेड, 9 में ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार को बांसवाड़ा और डूंगरपुर में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और अन्य कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
महाराष्ट्र-गुजरात की बारिश का असर राजस्थान के रेल संचालन पर
महाराष्ट्र और गुजरात में हो रही मूसलाधार बारिश का असर राजस्थान के रेल यातायात पर भी पड़ा है। रेलवे ने मुंबई रूट की तीन ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है।
भीलवाड़ा में आकाशीय बिजली गिरने से दो की मौत
गुरुवार को हुई भारी बारिश के दौरान भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में आकाशीय बिजली गिरने से नाना और उनकी दोहिती की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की है।
उदयपुर के लसाड़िया में 24 घंटे में 11 इंच से ज्यादा बारिश
दक्षिण राजस्थान के उदयपुर जिले के लसाड़िया क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान 11 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और कई ग्रामीण इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
27 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में 27 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। कई क्षेत्रों में जलभराव, तेज बहाव और बिजली गिरने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, नदी-नालों से दूर रहें और अत्यधिक बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।

