आरएसएस नफरत फैलाने वालों पर लगाए अंकुश फिर मुसलमानों की बात करे : चरण सिंह सपरा
मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस प्रवक्ता चरण सिंह सपरा ने आरएसएस और मुसलमानों को लेकर मोहन भागवत की टिप्पणी, महाराष्ट्र में सुनील तटकरे के खिलाफ रामदास कदम के आरोप और एसआईआर व चुनाव आयोग पर अशोक गहलोत के बयान को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरएसएस से भाजपा और उससे जुड़े संगठनों के उन लोगों पर अंकुश लगाने की मांग की, जो हिंदू-मुस्लिम के नाम पर बयानबाजी करते हैं। वहीं, एसआईआर को लेकर उन्होंने चुनाव आयोग और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर निशाना साधते हुए सपरा ने कहा कि उसके नेता जनता के मुद्दों के बजाय अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं।
आरएसएस और मुसलमानों को लेकर मोहन भागवत की टिप्पणी पर चरण सिंह सपरा ने कहा कि यदि भागवत यह जताना चाहते हैं कि मुस्लिम समुदाय के लोग भी आरएसएस के समर्थन में खड़े होते हैं, तो उन्हें सबसे पहले भाजपा, आरएसएस, बजरंग दल और उनसे जुड़े अन्य संगठनों के लोगों को समझाना चाहिए। इन संगठनों से जुड़े कुछ लोग लगातार हिंदू-मुस्लिम जैसे मुद्दों पर बयान देते हैं। कपड़ों से पहचानने और सार्वजनिक मंचों पर अपशब्दों के इस्तेमाल जैसी बातों का भी उन्होंने जिक्र किया।
सपरा ने कहा कि आरएसएस को ऐसे लोगों को समझाना चाहिए कि भारत सर्वधर्म समभाव वाला देश है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संविधान अनेकता में एकता और सभी धर्मों के सम्मान की बात करता है, न कि नफरत की। उन्होंने कहा कि आरएसएस को सबसे पहले अपने और भाजपा के अग्रिम संगठनों में नफरत फैलाने वालों पर अंकुश लगाना चाहिए।
2029 के चुनाव को लेकर अशोक गहलोत के बयान पर सपरा ने कहा कि उनका वक्तव्य बिल्कुल सटीक है। एसआईआर के जरिए भाजपा अपनी पसंद के मुताबिक मतदाता सूची तैयार कराने का प्रयास कर रही है। 13 करोड़ से ज्यादा लोगों के नाम हटाए जा चुके हैं। यदि मौजूदा परिस्थितियां जारी रहीं तो देश में लोकतंत्र के सामने गंभीर संकट पैदा हो सकता है। लोकतंत्र को बचाना जरूरी है। बाबा साहब अंबेडकर के दिए अधिकारों और संविधान का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है और संवैधानिक मूल्यों को तोड़ा मरोड़ा जा रहा है।
सपरा ने चेतावनी दी कि इन परिस्थितियों को नहीं रोका गया तो देश का संवैधानिक ढांचा उत्तर कोरिया या चीन जैसा हो सकता है। उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों भाजपा द्वारा संचालित होने जैसी स्थिति लोकतंत्र की हार होगी। कांग्रेस ऐसी स्थिति नहीं चाहती।
रामदास कदम द्वारा सुनील तटकरे पर लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस प्रवक्ता चरण सिंह सपरा ने कहा कि इससे महायुति के भीतर दिवाली के पटाखे चलने का संकेत मिलता है। उन्होंने रामदास कदम और सुनील तटकरे सहित गठबंधन के नेताओं को 'मिसगाइडेड मिसाइल' की तरह बताया। सपरा ने कहा कि रामदास कदम के बेटे योगेश कदम गृह राज्यमंत्री हैं, इसलिए यदि जांच करानी है तो कराई जा सकती है। केवल बयानबाजी करके माहौल बनाने की कोशिश हो रही है।
उन्होंने कहा कि महायुति के नेता जनता के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं। सपरा ने महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक विषमता, महिला, दलित, आदिवासी अत्याचार और युवाओं के सामने पेपर लीक की समस्या का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय गठबंधन के नेताओं का लक्ष्य सत्ता में बने रहना है। अंत में उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र की ट्रिपल इंजन सरकार का इंजन जल्द ही सीज होने वाला है।
--आईएएनएस
पीएसके/वीसी

