Samachar Nama
×

मोहम्मद सिराज पर इमरान मसूद के बयान से शशिकांत शिंदे असहमत, बोले- नाम देखकर नहीं होता चयन

मोहम्मद सिराज पर इमरान मसूद के बयान से शशिकांत शिंदे असहमत, बोले- नाम देखकर नहीं होता चयन
मोहम्मद सिराज पर इमरान मसूद के बयान से शशिकांत शिंदे असहमत, बोले- नाम देखकर नहीं होता चयन

मुंबई, 20 नवंबर (आईएएनएस)। एनसीपी (एसपी) नेता शशिकांत शिंदे ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के उस बयान पर ऐतराज जताया है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद सिराज को टीम में इसीलिए चयनित नहीं किया गया, क्योंकि वे मुसलमान हैं। शिंदे ने कहा कि टीम में मेरिट के आधार पर मौके मिलते हैं। पूर्व में इरफान पठान और यूसुफ पठान खेल चुके हैं।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज के चयन नहीं होने पर धर्म का मुद्दा उठाया है। मसूद के बयान पर मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान एनसीपी (एसपी) नेता शशिकांत शिंदे ने कहा कि भारत में किसी भी खिलाड़ी का चयन उसकी योग्यता (मेरिट) के आधार पर होता है। मुझे नहीं लगता कि ऐसा कुछ हुआ होगा। पहले भी कई खिलाड़ी चुने गए हैं, जिनमें पठान बंधु यूसुफ और इरफान भी शामिल हैं। मेरी राय में अगर कांग्रेस सांसद के पास कोई सबूत है तो उन्हें उसे सामने लाना चाहिए। भारत में नाम देखकर चयन नहीं किया जाता है। दूसरी ओर मैंने उनका बयान नहीं सुना है।

राज्य में किसानों की आत्महत्याओं पर उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में यह सच है कि भीषण सूखे के कारण हर दिन आत्महत्याओं के मामले बढ़ रहे हैं। जब यह सूखा पड़ा था, तब हमने महाराष्ट्र सरकार को आगाह किया था कि किसानों की आत्महत्याओं में भारी बढ़ोतरी हो सकती है। अब जब आंकड़े सामने आए हैं और हमने मामले की समीक्षा की है तो हमारी बात सच साबित हो रही है।

सरकार हर दिन कैबिनेट में फैसले लेती है, लेकिन मुझे पता चला है कि उन्हें लागू करने के लिए उनके पास पैसे ही नहीं हैं। केंद्र से जो मदद मिलनी चाहिए थी, वह अभी तक नहीं मिली है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मुझे नहीं पता कि दिल्ली में महाराष्ट्र सरकार का कोई राजनीतिक प्रभाव बचा भी है या नहीं, क्योंकि वह मदद अभी तक नहीं आई है। सीएम और बाकी मंत्री हर वक्त किसानों को भरोसा दिलाते हैं, लेकिन देखने में मिल रहा है कि जमीनी स्तर पर कुछ नहीं हो रहा है।

हाल ही में फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन को मिली धमकी पर शिंदे ने कहा कि मुंबई आर्थिक राजधानी है और अगर यहां पर किसी एक्टर को धमकी मिल रही है तो यह सिर्फ एक्टर तक सीमित नहीं, बल्कि बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए भी खतरा है। अमिताभ बच्चन अगर बुलेटप्रूफ में खड़े रहते हैं तो कानून-व्यवस्था सवालों के घेरे में है। महाराष्ट्र सरकार को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। मुंबई से बॉलीवुड खत्म हो गया तो फिर यह महाराष्ट्र के लिए खतरे की घंटी है। मेरे ख्याल से बहुत से लोगों को धमकी मिली है और कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ गई हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

Share this story