Samachar Nama
×

'मोहम्मद जुनैद ने की गंदी हरकत, अभिजीत दीपके ने नहीं लिया एक्शन', सीजेपी प्रदर्शन में शामिल रही महिला ने की शिकायत

'मोहम्मद जुनैद ने की गंदी हरकत, अभिजीत दीपके ने नहीं लिया एक्शन', सीजेपी प्रदर्शन में शामिल रही महिला ने की शिकायत
'मोहम्मद जुनैद ने की गंदी हरकत, अभिजीत दीपके ने नहीं लिया एक्शन', सीजेपी प्रदर्शन में शामिल रही महिला ने की शिकायत

नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। नीट पेपर लीक विरोधी प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पर खाना बांटने वाले मोहम्मद जुनैद के खिलाफ एक महिला ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने जुनैद पर अनुचित व्यवहार और महिलाओं को परेशान करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने मांग की कि जुनैद को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए महिला ने बताया कि हमारी शिकायत दर्ज हो चुकी है। मुझे यहां पर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। हमारी यही मांग है कि सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी जाए। उन्होंने कहा, "हमारी शिकायत यह है कि जुनैद ने प्रदर्शन के दौरान लड़कियों के साथ गंदी हरकतें की थीं। उसने लड़कियों को गलत तरीके से छूआ और देर रात में मैसेज करता था।"

शिकायतकर्ता ने कहा, "कई लोग बोल रहे हैं कि प्रदर्शन के समय जुनैद के खिलाफ आवाज कोई नहीं उठाई गई, लेकिन इसके पीछे का एक कारण है। वजह यह थी कि उस समय अभिजीत दीपके और उनकी टीम ने यह कहकर मुझे रोका था कि इससे प्रोटेस्ट खराब हो जाएगा। कुछ अन्य लोगों ने भी उस समय मुझे सलाह दी थी।"

महिला ने आरोप लगाए कि सीजेपी ने शिकायत को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की थी। उसकी आपत्ति के बावजूद जुनैद प्रदर्शन में आया था। उन्होंने कहा, "मेरे पास इसकी रिकॉर्डिंग है कि प्रदर्शन के दौरान वॉलिंटियर्स ग्रुप से जुड़ी लड़की ने जुनैद की गलतियों के लिए माफी मांगी थी।"

उन्होंने मांग की कि हमें सार्वजनिक तौर पर माफी चाहिए। महिला ने कहा, "जिस तरह विजेता दहिया को सार्वजनिक तौर पर टीम से बाहर कर दिया गया था। उसी तरह जुनैद के साथ नहीं किया गया। जुनैद ने यहां बदतमीजी की थी।"

महिला ने अपने आरोपों को दोहराते हुए कहा कि हमने अभिजीत दीपके के पास जाकर शिकायत की थी, लेकिन उन्होंने जुनैद के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया था। उन्होंने यह भी कहा कि मेरी शिकायत के बाद ही मोहम्मद जुनैद झारखंड पहुंचा था।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags