Samachar Nama
×

मोगा के पुनर्वास केंद्र से 31 मरीज फरार, जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित

मोगा, 21 मई (आईएएनएस)। पंजाब के मोगा में जनर स्थित एक पुनर्वास केंद्र से 31 मरीजों के फरार होने के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
मोगा के पुनर्वास केंद्र से 31 मरीज फरार, जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित

मोगा, 21 मई (आईएएनएस)। पंजाब के मोगा में जनर स्थित एक पुनर्वास केंद्र से 31 मरीजों के फरार होने के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।

घटना के बाद मोगा के डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने गुरुवार को मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट 22 मई तक जिला प्रशासन को देगी।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम पुनर्वास केंद्र से 31 मरीज अचानक फरार हो गए थे। इस घटना से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मोगा के डिप्टी मेडिकल कमिश्नर से ईमेल के जरिए मिली जानकारी में बताया गया कि फरार हुए मरीजों में से आठ को एनडीपीएस एक्ट की धारा 64-ए के तहत केंद्र में भर्ती कराया गया था। ऐसे में घटना को सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही मानी जा रही है।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि यह घटना संबंधित अधिकारियों की लापरवाही और सुरक्षा में कमी की ओर इशारा करती है। इसी वजह से जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए विस्तृत जांच जरूरी है।

जांच कमेटी में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जी), पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) और डिप्टी मेडिकल कमिश्नर को शामिल किया गया है। कमेटी को निर्देश दिया गया है कि वह घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहराई से जांच करे। साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि मरीज किस तरह केंद्र से बाहर निकले और सुरक्षा व्यवस्था में कहां कमी हुई।

प्रशासन ने कमेटी से यह भी कहा है कि वह भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस सुझाव दे, ताकि पुनर्वास केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके। फिलहाल पुलिस फरार मरीजों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एसएचके/एबीएम

Share this story

Tags