Samachar Nama
×

मोदीपुरम स्थित पल्लवपुरम फेस-2 में एसटीपी में क्लोरीन गैस के रिसाव से मचा हड़कंप, कई लोगों की बिगड़ी हालत

मोदीपुरम स्थित पल्लवपुरम फेस-2 में एसटीपी में क्लोरीन गैस के रिसाव से मचा हड़कंप, कई लोगों की बिगड़ी हालत
मोदीपुरम स्थित पल्लवपुरम फेस-2 में एसटीपी में क्लोरीन गैस के रिसाव से मचा हड़कंप, कई लोगों की बिगड़ी हालत

मोदीपुरम, 16 सितंबर (आईएएनएस)। मेरठ के मोदीपुरम स्थित पल्लवपुरम फेस-2 के एन पॉकेट में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में क्लोरीन गैस के रिसाव की सूचना से हड़कंप मच गया। गैस के प्रभाव में आने से कई लोगों की हालत बिगड़ने की बात आ रही है। गैस रिसाव के कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ गई है जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पल्लवपुरम रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से स्थानीय लोगों को सतर्क किया गया। लोगों से अपील की गई कि वे घबराएं नहीं और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। साथ ही घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखने तथा बाहर मौजूद परिजनों को तत्काल घर लौटने की सूचना देने को कहा गया।

विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई। गैस फैलने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर कई लोगों ने अपने घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर लीं, जबकि कुछ लोग घरों से बाहर निकल आए।

बताया गया कि क्लोरीन गैस का रिसाव एसटीपी परिसर में हुआ। सूचना के बाद संबंधित कर्मचारियों को मौके पर भेजकर रिसाव को नियंत्रित करने और स्थिति सामान्य करने के प्रयास शुरू किए गए। अधिकारियों की ओर से प्रारंभिक तौर पर बताया गया कि गैस का प्रभाव प्लांट की परिधि से करीब 50 मीटर के दायरे तक रहने की संभावना है। हालांकि, रिसाव की सूचना सामने आने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गैस की जानकारी मिलते ही संबंधित कर्मचारियों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद रिसाव को रोकने के लिए कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान कई लोगों की तबीयत बिगड़ने की भी सूचना सामने आई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। लोगों ने गैस के कारण आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी और अन्य दिक्कतों की शिकायत की।

घटना के बाद क्षेत्र में एहतियात बढ़ा दी गई। लोगों को प्रभावित इलाके से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। फिलहाल गैस रिसाव को नियंत्रित करने और स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने के प्रयास जारी थे। तत्काल किसी बड़े नुकसान की आधिकारिक सूचना नहीं मिली थी। स्थानीय लोग घटना के बाद से एसटीपी में सुरक्षा व्यवस्था और गैस रिसाव के कारणों को लेकर चिंतित नजर आए।

--आईएएनएस

एसएके/एएस

Share this story

Tags