Samachar Nama
×

मोदी-योगी फैक्टर समावेशी विकास और सशक्तिकरण की गारंटी: मुख्तार अब्बास नकवी

मोदी-योगी फैक्टर समावेशी विकास और सशक्तिकरण की गारंटी: मुख्तार अब्बास नकवी
मोदी-योगी फैक्टर समावेशी विकास और सशक्तिकरण की गारंटी: मुख्तार अब्बास नकवी

रामपुर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति, विपक्षी दलों की एकजुटता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में असली इंकलाब मोदी और योगी फैक्टर को मजबूत करने के लिए होगा। नकवी ने मोदी-योगी सरकारों को समावेशी विकास और सशक्तिकरण की गारंटी बताते हुए कहा कि विपक्षी दलों के बीच सीटों को लेकर चल रही खींचतान उनकी एकता पर सवाल खड़े करती है।

आजम खान की कानूनी चुनौतियों और कस्टडी से जुड़े सवाल पर मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कचहरी की कस्टडी हो या कोर्ट की कार्रवाई, इस मामले में कानूनी दांव-पेंच पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। कुछ लोग चुनौतियों के बीच बिखर जाते हैं, जबकि कुछ लोग निखरकर सामने आते हैं। अब संबंधित लोगों को तय करना है कि वे किस तरह इन परिस्थितियों का सामना करते हैं। अदालत, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट क्या कहते हैं और क्या निर्णय लेते हैं, इस पर ही ध्यान देना चाहिए।

चुनावी इंकलाब और विपक्षी गठबंधन पर तंज कसते हुए नकवी ने कहा कि इस बार चुनाव में इंकलाब जरूर होगा, लेकिन यह एम-वाई फैक्टर को मजबूत और सुरक्षित करने के लिए होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एम-वाई का अर्थ मोदी और योगी फैक्टर है। मोदी और योगी फैक्टर समावेशी विकास तथा सशक्तिकरण की गारंटी है।

विपक्षी दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही चर्चा पर नकवी ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी की। उन्होंने एक दल को सामंती पार्टी और दूसरे को सुल्तानी पार्टी बताते हुए कहा कि एक पार्टी 200 सीटें मांग रही है, जबकि दूसरी उसे 20 से अधिक सीटें देने को तैयार नहीं है। दोनों दलों के बीच बिना किसी वैकेंसी के ही झगड़ा चल रहा है। विपक्षी दलों के बीच इस तरह की खींचतान उनकी राजनीतिक रणनीति और एकजुटता को दर्शाती है।

आजम खान द्वारा जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाए जाने पर भी नकवी ने कहा कि इस मामले में अदालतों के फैसलों को ही महत्व दिया जाना चाहिए। कचहरी से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक जो निर्णय सामने आएंगे, उन पर राजनीतिक टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं है।

जनादेश के मुद्दे पर नकवी ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि जो लोग लगातार जनादेश पर सवाल उठाते हैं, उन्हें जनता से सम्मान मिलने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष शुरू से ही जनादेश का अपमान करता रहा है। यदि कोई दल हर दिन जनादेश पर सवाल खड़े करेगा और विवाद पैदा करेगा, तो उसकी ऐसी राजनीतिक गतिविधियां सफल नहीं होंगी।

अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में राहुल गांधी द्वारा लोकतंत्र पर दिए गए बयान को लेकर भी नकवी ने कांग्रेस नेता की आलोचना की। राहुल गांधी ने कहा था कि लोकतंत्र पवित्र है और उनके लिए यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है। इस पर नकवी ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी 'कन्फ्यूजन के कबाड़खाने' में कैद हैं। जब तक कांग्रेस इस भ्रम से बाहर नहीं आएगी, तब तक वह न तो अपना भला कर पाएगी और न ही देश का।

नकवी ने आगे कहा कि कांग्रेस कभी संविधान पर सवाल उठाती है, कभी लोकतंत्र पर प्रहार करती है और कभी संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ दुष्प्रचार करती है। इसके बाद दिए जाने वाले बयानों में देश के सम्मान और माहौल को प्रभावित करने की कोशिश दिखाई देती है। भाजपा नेता ने विपक्ष की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के जनादेश और संस्थाओं का सम्मान करना जरूरी है।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story