Samachar Nama
×

मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से बदली देश की तस्वीर : संजय निरुपम

मुंबई, 10 जून (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष से अधिक समय तक देश का नेतृत्व करने को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लंबे कार्यकाल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। नेहरू ने प्रधानमंत्री के रूप में 4,398 दिनों का कार्यकाल पूरा किया था और लंबे समय तक यह एक अनूठा कीर्तिमान बना रहा। अब प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 4,399 दिनों तक देश का नेतृत्व कर नया रिकॉर्ड बना दिया है।
मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से बदली देश की तस्वीर : संजय निरुपम

मुंबई, 10 जून (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष से अधिक समय तक देश का नेतृत्व करने को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लंबे कार्यकाल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। नेहरू ने प्रधानमंत्री के रूप में 4,398 दिनों का कार्यकाल पूरा किया था और लंबे समय तक यह एक अनूठा कीर्तिमान बना रहा। अब प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 4,399 दिनों तक देश का नेतृत्व कर नया रिकॉर्ड बना दिया है।

निरुपम ने कहा कि मोदी सरकार में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। गरीबों, महिलाओं, बुजुर्गों और कमजोर वर्गों के लिए अनेक योजनाएं बनाई गईं, जिनका असर जमीनी स्तर पर दिखाई देता है। देशभर में बुनियादी ढांचे के विकास की तस्वीर स्पष्ट रूप से सामने आ रही है। सड़कों, रेल, हवाई अड्डों और अन्य परियोजनाओं के माध्यम से भारत तेजी से आधुनिक अवसंरचना की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने देश की कार्यप्रणाली को पूरी तरह बदल दिया है। डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन सेवाओं और तकनीकी नवाचारों ने भारत को नई पहचान दी है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में हुए प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय भारत रक्षा उपकरणों का बड़ा आयातक देश था, लेकिन आज रक्षा उत्पादन और निर्यात के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर रहा है। इससे न केवल देश की सामरिक क्षमता मजबूत हुई है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और उद्योग के नए अवसर भी पैदा हुए हैं।

निरुपम ने कहा कि यदि किसी नेता को देश की जनता लगातार तीसरी बार सत्ता सौंपती है, तो यह उसके कार्यों और जनविश्वास का प्रमाण होता है। प्रधानमंत्री मोदी को मिली लगातार राजनीतिक सफलता उनके कामकाज और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता का परिणाम है। जहां एक ओर विपक्षी इंडिया गठबंधन लगातार कमजोर होता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर एनडीए का विस्तार और प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। उनका कहना है कि विपक्षी दलों के बीच मतभेद और नेतृत्व को लेकर असहमति दिखाई देती है, जबकि एनडीए के सभी घटक दल विकास के साझा एजेंडे पर एकजुट होकर काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एनडीए के नेताओं की जनता से निरंतर जुड़ाव और सेवा भावना के कारण ही उन्हें बार-बार जनसमर्थन प्राप्त होता है। विकसित भारत 2047 का लक्ष्य एनडीए की प्राथमिकता है और इसी दिशा में सभी सहयोगी दल मिलकर कार्य कर रहे हैं।

मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के मामले पर भी निरुपम ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक देश की सत्ता में रही है, ऐसे में यदि वह राज्यसभा चुनाव के नामांकन से संबंधित मूलभूत नियमों का पालन नहीं कर पाती, तो यह गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार को अपनी आय, संपत्ति और यदि कोई आपराधिक मामला लंबित हो तो उसका पूरा विवरण शपथपत्र में देना होता है।

निरुपम ने आरोप लगाया कि उम्मीदवार द्वारा आवश्यक जानकारी छिपाई गई, जो चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन है। उनके अनुसार, यदि नामांकन पत्र में आवश्यक तथ्यों का सही खुलासा नहीं किया गया हो तो नामांकन रद्द किया जाना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में रिटर्निंग अधिकारी को निर्णय लेने का पूरा अधिकार प्राप्त है और उनके द्वारा लिया गया निर्णय नियमों के तहत किया गया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान का समर्थन करते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश कोई धर्मशाला नहीं है, जहां लव जिहाद और लैंड जिहाद करने वालों को शरण दी जाए, निरुपम ने कहा कि यह केवल उत्तर प्रदेश का नहीं बल्कि पूरे देश का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि देश में जबरन धर्मांतरण और जनसंख्या संतुलन को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास पर रोक लगनी चाहिए। लव जिहाद और लैंड जिहाद के नाम पर कुछ तत्व समाज में असंतुलन पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे मामलों की जांच और कार्रवाई आवश्यक है ताकि कानून व्यवस्था और सामाजिक संतुलन बनाए रखा जा सके।

--आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम

Share this story

Tags