Samachar Nama
×

मोदी जी की नकल कर रहे राहुल गांधी, अपनी पार्टी के नेता भी नहीं करते विश्वास : तेलंगाना भाजपा

मोदी जी की नकल कर रहे राहुल गांधी, अपनी पार्टी के नेता भी नहीं करते विश्वास : तेलंगाना भाजपा
मोदी जी की नकल कर रहे राहुल गांधी, अपनी पार्टी के नेता भी नहीं करते विश्वास : तेलंगाना भाजपा

हैदराबाद, 7 नवंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) राहुल गांधी के घर 'चाय पर चर्चा' को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कटाक्ष किया है। तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नकल करने का आरोप लगाया। राव ने कहा कि राहुल गांधी की अपनी पार्टी के नेता भी अब 'वोट चोरी' या ऐसे ही अन्य दावों पर यकीन नहीं करते हैं।

तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष रामचंद्र राव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "भले ही इस देश की जनता राहुल गांधी की बातों पर विश्वास नहीं कर रही है, फिर भी वे बार-बार बैठकें करके झूठा नैरेटिव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। अब वे अपने नेताओं को 'चाय पे चर्चा' के लिए बुला रहे हैं, जो नरेंद्र मोदी जी से कॉपी किया गया है। 'चाय पे चर्चा' मूल रूप से नरेंद्र मोदी जी का ही कार्यक्रम है। और अब राहुल गांधी फिर से उसी कार्यक्रम की नकल कर रहे हैं।"

राव ने आगे कहा, "इस तरह की बैठकों के जरिए झूठा नैरेटिव फैलाना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।"

साथ ही, भाजपा नेता ने कहा, "उनकी अपनी पार्टी के नेता भी अब वोट चोरी और अन्य आरोपों पर विश्वास नहीं कर रहे हैं। जनता अब सब समझ चुकी है। अमित शाह पूरे देश का दौरा कर रहे हैं। वे जनता को समझा रहे हैं। भाजपा के नेता नितिन नवीन, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा और सभी लोग देश भर में घूम रहे हैं, वे जनता को बता रहे हैं। और अब जनता इस पर विश्वास कर रही है, यही वजह है कि इस मुद्दे के बाद भी हर चुनाव में भाजपा जीत रही है।"

बता दें कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपने आवास पर कांग्रेस नेताओं के साथ 'दीवाली मिलन' कार्यक्रम के लिए मुलाकात की। इनमें कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, कई सांसद और राज्य इकाईयों के प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने बैठक के बाद कहा कि यह एक दीवाली कार्यक्रम था और इसमें कोई राजनीतिक पहलू नहीं। उन्होंने यह भी बताया कि यह बस पार्टी कार्यकर्ताओं और जमीनी स्तर के नेताओं के साथ एक मुलाकात है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story