शहीदों के बलिदान से मिली आजादी, युवा पीढ़ी ले प्रेरणा : विधायक ओम प्रकाश यादव
महेंद्रगढ़, 15 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा के महेंद्रगढ़ के मॉडल संस्कृति स्कूल में उपमंडलस्तरीय 80वां स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सभी अधिकारी मौजूद रहे।
नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव ने कहा कि आजादी की 80वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर मैं आप सभी को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूं। मैं देश की सीमाओं पर मुश्किल हालातों के बीच मुस्तैदी से तैनात वीर जवानों को भी स्वतंत्रता दिवस की विशेष तौर पर बधाई देता हूं। आज हर भारतवासी के लिए खुशी का दिन है। आज हर गली, हर मोहल्ले में तिरंगा है। हर घर-हर दफ्तर में तिरंगा है। हर वाहन, हर हाथ में तिरंगा है। पूरा देश तिरंगे के रंगो मे रंगा है। पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा है।
उन्होंने कहा कि इस दिन के लिए मां भारती के न जाने कितने ही सपूतों ने अपना सब कुछ बलिदान कर दिया। इसी दिन के लिए असंख्य देशभक्तों ने कष्ट झेले और यातनाएं सही। मैं इस पावन अवसर पर आजादी की बलिवेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों को नमन करता हूं।
विधायक ने कहा कि मैं उन वीर सैनिकों को भी सलाम करता हूं, जिन्होंने आजादी के बाद देश की एकता व अखंडता की खातिर अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्हीं के अनुपम बलिदान के कारण आज हम आजादी की खुली हवा मे सांस ले रहे हैं। मुझे आज यहां ध्वजारोहण करते हुए गर्व की अनुभूति हो रही है। आप सभी जानते हैं। आजादी के आंदोलन की पहली चिंगारी 10 मई, 1857 को हरियाणा के अम्बाला से फूटी थी। उस चिंगारी ने आगे चलकर ऐसा जन-आंदोलन खड़ा किया, जिसके बलबूते हम 1947 में अंग्रेजी हुकूमत को उखाड़ फेंकने में कामयाब रहे। इस आंदोलन के बलिदानियों की देशभक्ति से हमारी युवा पीढियां प्रेरणा हासिल करें, इसके लिए हम अंबाला छावनी में शहीदी स्मारक बना रहे हैं। आजादी के बाद भी 1962, 1965 व 1971 के विदेशी आक्रमण से लेकर कारगिल युद्ध तक हरियाणा के वीर जवानों ने वीरता की मिसाल पेश करते हुए देश की आजादी में निरंतर योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि हम अपने शहीदों के बलिदानों का कर्ज तो नहीं चुका सकते, लेकिन उनके परिजनों की देखभाल करके उनके प्रति सम्मान अवश्य जता सकते हैं। ‘सुशासन से सेवा’ के संकल्प के साथ जनसेवा का दायित्व संभालने वाली वर्तमान सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ-सबका विकास’ और ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ के मूलमंत्र पर चलते पूरे हरियाणा और हरेक हरियाणवी की तरक्की और उत्थान के लिए काम किया है। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टोलरेस की नीति अपनाते हुए पारदर्शी शासन दिया है।
--आईएएनएस
एसएचके/वीसी

