मोबाइल टावरों से उपकरण चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख रुपए का सामान बरामद
ग्रेटर नोएडा, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के दादरी थाने की पुलिस ने मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर मोबाइल टावरों में इस्तेमाल होने वाले तीन आरआरयू और एक्साइड कंपनी की चार बैटरियां बरामद की हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में मोबाइल टावरों को निशाना बनाता था और चोरी किए गए उपकरणों को सस्ते दामों पर बेचकर अवैध रूप से धन अर्जित करता था।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को दादरी पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की। इसी क्रम में पुलिस टीम ने ग्राम हजरतपुर की ओर जाने वाले रास्ते से आरोपी कय्यूम मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कय्यूम मंसूरी पुत्र बबलू मंसूरी, निवासी हिंडन विहार, थाना नंदग्राम, गाजियाबाद के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 21 वर्ष बताई गई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाता था। इसके बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की ग्रीन बेल्ट में लगे मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी किए जाते थे। चोरी किए जाने वाले सामान में आरआरयू और टावरों में इस्तेमाल होने वाली बैटरियां शामिल थीं। आरोपी और उसके साथी इन उपकरणों को कम कीमत पर बेचकर रुपये कमाते थे। पुलिस के मुताबिक, बिक्री से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल आरोपी अपने व्यक्तिगत खर्च और शौक-मौज में करता था।
दादरी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके विरुद्ध थाना दादरी में दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर तीन आरआरयू तथा एक्साइड कंपनी की चार बैटरियां बरामद की हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। मोबाइल टावरों के इन उपकरणों की चोरी से दूरसंचार सेवाओं के संचालन पर भी असर पड़ने की आशंका रहती है।
दादरी पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब मामले में आरोपी के साथियों की भूमिका की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की योजना बनाने से लेकर उपकरणों को बेचने तक की गतिविधियों में शामिल रहता था।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

