Samachar Nama
×

मोबाइल स्नैचिंग गैंग का खुलासा, तीन गिरफ्तार, चोरी की बाइक पर सवार होकर करते थे वारदात

मोबाइल स्नैचिंग गैंग का खुलासा, तीन गिरफ्तार, चोरी की बाइक पर सवार होकर करते थे वारदात
मोबाइल स्नैचिंग गैंग का खुलासा, तीन गिरफ्तार, चोरी की बाइक पर सवार होकर करते थे वारदात

नोएडा, 17 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा में मोबाइल फोन चोरी और स्नैचिंग करने वाले गिरोह का सेक्टर-58 थाने की पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिग आरोपियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, चोरी और स्नैचिंग के 22 मोबाइल फोन तथा दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर नोएडा, दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में मोबाइल फोन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को थाना सेक्टर-58 पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई की। पुलिस टीम ने जुबलियेन्ट पार्क के पास से मोबाइल फोन चोरी और स्नैचिंग करने वाले आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतुल गौतम, नितीश चौहान और रिशू पाण्डेय के रूप में हुई है।इनके साथ दो नाबालिगों को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, चोरी या स्नैचिंग के 22 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए गए। बरामद चाकू अतुल गौतम और रिशू पाण्डेय के कब्जे से मिलने की बात पुलिस ने बताई है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नाबालिगों के साथ मिलकर चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर मोबाइल फोन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य नोएडा के अलावा दिल्ली और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में मोबाइल फोन को निशाना बनाते थे।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद चोरी किए गए मोबाइल फोन को सीधे बेचने के बजाय उनके पार्ट-पुर्जे खोलकर दिल्ली में बेच दिया जाता था। पुलिस का कहना है कि इस तरीके से आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन की पहचान छिपाने और उन्हें अलग-अलग हिस्सों में बेचकर आर्थिक लाभ कमाने का प्रयास करते थे। पुलिस अब बरामद किए गए 22 मोबाइल फोन के संबंध में जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनमें से कितने मोबाइल फोन नोएडा या दिल्ली-एनसीआर में दर्ज घटनाओं से संबंधित हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अतुल गौतम (22 वर्ष) मूल रूप से ग्राम दौलतपुर, थाना कमालगंज, जिला फर्रुखाबाद का रहने वाला है और वर्तमान में शिव विहार, खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद में रह रहा था। दूसरा आरोपी नितीश चौहान (18 वर्ष) खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद का निवासी है। उसका मूल पता ग्राम जलसीमा, जिला सहरसा, बिहार बताया गया है। तीसरा आरोपी रिशू पाण्डेय (करीब 19 वर्ष) खोड़ा कॉलोनी, थाना खोड़ा, गाजियाबाद का रहने वाला है। उसका मूल निवास ग्राम हसोरा, थाना हरपालपुर, जिला हरदोई बताया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त करने वाले लोगों और पूर्व में की गई वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags