एमएलसी चुनाव परिणामों पर प्रवीण खंडेलवाल का तंज, कहा- कांग्रेस का राजनीतिक महत्व खत्म हो रहा
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब राजनीति में अपना महत्व खोती जा रही है।
एमएलसी चुनावों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया पोस्ट पर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "इससे यह साफ हो गया है कि राजनीति में कांग्रेस का अब कोई महत्व नहीं रह गया है। पहले कहा जाता था कि ईवीएम हैक हो गई हैं और इसका दोष चुनाव आयोग पर मढ़ दिया जाता था। फिर वोट चोरी के आरोप लगाए गए, जिनका कोई आधार ही नहीं था। कांग्रेस मांग कर रही थी कि बैलेट पेपर से चुनाव कराया जाए, बैलेट पेपर से एमएलसी का चुनाव कराने पर कांग्रेस साफ हो गई है। कांग्रेस को सोचना चाहिए कि हर चीज पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रवीण खंडेलवाल ने विपक्ष पर हर मुद्दे पर इस्तीफा मांगने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आदत बन गई है कि वह छोटी-बड़ी हर घटना को विवाद का विषय बनाकर इस्तीफे की मांग करने लगता है।
खंडेलवाल ने कहा कि जब विपक्ष हर मामले में इस्तीफा मांगता है, तो उसे चुनाव परिणामों के संदर्भ में भी अपनी जिम्मेदारी पर विचार करना चाहिए। उन्होंने अमित शाह के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दलों को जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। जनता विपक्ष की राजनीति को देख रही है।
वाराणसी एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की भाजपा पर की गई टिप्पणी पर भी खंडेलवाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों की तरह अखिलेश यादव का महत्व भी धीरे-धीरे कम हो रहा है। अखिलेश यादव पहले कभी-कभी समझदारी भरी बातें करते थे, लेकिन अब उनके बयान बेबुनियाद होते जा रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी की 1,170 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क किए जाने के मामले पर खंडेलवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने देखा है कि किस तरह आजम खान पर अपने पद का दुरुपयोग करने के आरोप लगे हैं।
उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और कानून अपना काम कर रहा है। यदि किसी ने गलत काम किया है तो उसके परिणाम भुगतने होंगे और कानून के अनुसार कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
खंडेलवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत की नीतियों में काफी सुधार हुआ है। देश के हितों के खिलाफ जाने वाली किसी भी नीति को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी

