Samachar Nama
×

एमएलसी चुनाव में जीत के बाद अखिलेश की अपील, जुलूस न निकालें सपा कार्यकर्ता

एमएलसी चुनाव में जीत के बाद अखिलेश की अपील, जुलूस न निकालें सपा कार्यकर्ता
एमएलसी चुनाव में जीत के बाद अखिलेश की अपील, जुलूस न निकालें सपा कार्यकर्ता

लखनऊ, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक खंड के चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत पर बधाई देते हुए कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और जीत का जश्न सोशल मीडिया के माध्यम से मनाने की अपील की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जुलूस या हो-हल्ला नहीं करने की सलाह देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सपा की छवि खराब करने के लिए माहौल बिगाड़ने की साजिश कर सकती है।

अखिलेश ने चुनाव में कथित धांधली को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में शिक्षक भाजपा को हराकर अपना ‘गुरु संकल्प’ पूरा करेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि जीत के बाद कार्यकर्ताओं को ध्यान रखना चाहिए कि इसकी जानकारी शांतिपूर्ण तरीके से सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाई जाए। कोई हो-हल्ला या जुलूस नहीं निकाला जाए, ताकि भाजपा के लोग उनके बीच घुसकर माहौल खराब न कर सकें और सपा पर हुड़दंग करने का आरोप लगाने का मौका न मिले।

उन्होंने कहा कि पार्टी को हर तरह के षड्यंत्र और झूठे आरोपों से बचकर रहना है, क्योंकि सामने विधानसभा चुनाव है और भाजपा कथित तौर पर साजिश के जरिए पार्टी की छवि बिगाड़ने की कोशिश कर सकती है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि वह सभी विजयी विधान परिषद सदस्यों का स्वयं अभिनंदन करेंगे और संभव हुआ तो उनके क्षेत्रों में जाकर सम्मानित भी करेंगे। उन्होंने नवनिर्वाचित एमएलसी से उन कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों की सूची तैयार करने को कहा, जिन्होंने चुनाव में उनका समर्थन और सहयोग किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी लोगों का भी सम्मान किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनाव में गुंडागर्दी, बेईमानी, चोरी और धांधली करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये भाजपा की पहचान बन चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्ट भाजपा नेताओं, उनके सहयोगियों और कथित रूप से संलिप्त अधिकारियों ने एमएलसी चुनाव जीतने के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाए। उनके मुताबिक, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र से सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी को हराने की कथित साजिश सामने आ गई है।

उन्होंने कहा कि डॉ. त्रिपाठी को मतगणना में कथित गड़बड़ी के जरिए हराने के पीछे केवल उनका सपा प्रत्याशी होना ही कारण नहीं है, बल्कि इसके पीछे ‘हाता नहीं भाता’ भी प्रमुख वजह है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि इतनी बड़ी कथित जालसाजी के बाद जनता को समझ आ गया है कि भाजपा दरअसल हर सीट पर हारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोट से नहीं, बल्कि खोट से जीतती है।

अखिलेश ने कहा कि डॉ. संजयन त्रिपाठी के साथ जिस तरह का उत्पीड़न किया गया, उसे उनका पूरा समाज देख रहा है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर शिक्षक क्षेत्र के डॉ. संजयन त्रिपाठी और आगरा शिक्षक क्षेत्र के सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल के साथ हुए घटनाक्रम को प्रदेश का शिक्षक समाज नहीं भूलेगा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने शिक्षकों को अपमान के अलावा कुछ नहीं दिया। उन्होंने शिक्षकों से चारा इकट्ठा करने जैसे काम कराने के कथित षड्यंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक इसे याद रखेंगे और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराकर अपना ‘गुरु संकल्प’ पूरा करेंगे।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी डॉ. संजयन त्रिपाठी और उनके समाज के साथ हो रहे अन्याय तथा उत्पीड़न के खिलाफ भाजपा के विरुद्ध खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी। अखिलेश यादव ने आगरा शिक्षक क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य डॉ. आकाश अग्रवाल के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और उनके सहयोगियों ने डॉ. अग्रवाल के साथ ऐसा व्यवहार किया, जिससे उनकी आंखों में आंसू आ गए और उनके कपड़े फाड़े गए।

अखिलेश के मुताबिक, इस घटनाक्रम से अग्रहरि समाज के लोग खुद को पीड़ित, दुखी और अपमानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का नारा है, ‘जो पीड़ित, वो पीडीए।’ अखिलेश ने पीडीए का विस्तार करते हुए कहा कि अब इसमें ‘ए’ का मतलब अग्रवाल-अग्रवंशी भी है। उन्होंने दावा किया कि अग्रवाल समाज के साथ आने से पार्टी का जनाधार और मनोबल बढ़ा है। उनके अनुसार, अब पीडीए की लड़ाई पांच फीसदी भाजपाइयों और 95 फीसदी पीडीए के बीच है।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags