Samachar Nama
×

'मिक्सटेप' के नए सीजन में व्यस्त हैं अभिजीत वघानी, बोले-मेरा पूरा फोकस यहीं

'मिक्सटेप' के नए सीजन में व्यस्त हैं अभिजीत वघानी, बोले-मेरा पूरा फोकस यहीं
'मिक्सटेप' के नए सीजन में व्यस्त हैं अभिजीत वघानी, बोले-मेरा पूरा फोकस यहीं

मुंबई, 20 जुलाई (आईएएनएस)। म्यूजिक कंपोजर-प्रोड्यूसर और बैकग्राउंड स्कोर डायरेक्टर अभिजीत वघानी बॉलीवुड इंडस्ट्री में काफी समय से काम कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि इस समय वे टी-सीरीज मिक्सटेप के आगामी सीजन पर काम कर रहे हैं।

जब उनसे पूछा गया कि उनके इतने सारे क्रिएटिव प्रोजेक्ट्स में से इस समय उन्हें सबसे ज्यादा व्यस्त कौन सा काम रख रहा है, तो उन्होंने कहा, "अभी के लिए मेरा पूरा ध्यान 'मिक्सटेप' पर है। इसके बाद मेरी अकादमी का काम है। फिर मैंने हाल ही में 'कॉकटेल 2' का काम पूरा किया है और बॉलीवुड में आगे भी कई फिल्में आने वाली हैं।

उन्होंने कहा, "मैं खुद को बॉलीवुड का हिस्सा मानता हूं। पिछले 27 साल में मैंने कई फिल्मों के लिए काम किया है। 'सूरज डूबा है', 'हाई हील्स', 'आज की पार्टी' और 'देसी बॉयज' जैसे कई गानों का सफर बहुत खास रहा है। यह महसूस करना बहुत अच्छा लगता है कि बॉलीवुड ने मुझे एक प्रोफेशनल और टॉप कैटेगरी के कलाकार के रूप में स्वीकार किया है, जो हमेशा मेरा सपना था। इसके लिए मैं बहुत आभारी हूं।"

मिक्सटेप के बारे में बताते हुए अभिनेता ने कहा, "मिक्सटेप हमेशा से मेरा पसंदीदा रहा है। 9 साल पहले हमने एक सीजन किया था, जहां हम 'मिक्सटेप' में कुछ चीजें आजमाना चाहते थे। यह एक कवर चीज के तौर पर शुरू हुआ था , जहां हम एक कवर को शानदार बनाना चाहते थे। जैसे टी-सीरीज के कवर और कैटलॉग हैं, वे बहुत बड़े हैं, हमें 26,000-30,000 गानों और उस समय के कवर में से चुनना था।"

उन्होंने आगे कहा, "हम हर एक गाने को कवर करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जब हमने एक कवर फाइनल किया, तो अचानक मैंने उसे बजाया और उस पर कुछ और गुनगुनाने लगा। हैरानी की बात यह थी कि वह धुन उसके साथ इतनी अच्छी तरह मेल खा गई। फिर हमने सोचा कि क्यों न कुछ अलग किया जाए। हमने तय किया कि इस गाने को दूसरे गाने के साथ मिलाकर एक मैशअप बनाया जाए। इसके बाद हमें महसूस हुआ कि दोनों गानों के बोल, सुर और पूरी बनावट एक-दूसरे के साथ बिल्कुल सही बैठ रहे हैं।"

--आईएएनएस

एनएस/वीसी

Share this story