Samachar Nama
×

मिशन शक्ति अभियान 6.0: नोएडा में महिला सशक्तिकरण रैली, 500 बालिकाओं ने लिया हिस्सा

मिशन शक्ति अभियान 6.0: नोएडा में महिला सशक्तिकरण रैली, 500 बालिकाओं ने लिया हिस्सा
मिशन शक्ति अभियान 6.0: नोएडा में महिला सशक्तिकरण रैली, 500 बालिकाओं ने लिया हिस्सा

नोएडा, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और उनके अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत महिला सशक्तिकरण रैली का आयोजन किया गया।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 500 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए समाज में महिलाओं को समान अवसर और सम्मान देने का संदेश दिया गया। यह पैदल मार्च नोएडा के सेक्टर-51 स्थित ग्राम होशियारपुर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से निकाला गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा सुनीती ने किया।

वहीं, अपर पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा मनीषा सिंह, थाना सेक्टर-49 की प्रभारी निरीक्षक और महिला थाना प्रभारी के समन्वय से कार्यक्रम का संचालन किया गया। रैली में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, आशा बहुओं, होमगार्ड्स, एएनएम, शिक्षकों और सफाईकर्मियों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा उपायों, उनके कानूनी अधिकारों, स्वास्थ्य, स्वच्छता और शासन की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इसका उद्देश्य बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें किसी भी विपरीत परिस्थिति में उचित सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

पैदल मार्च में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के नोएडा जोन के विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीम, स्वयं सिद्धा टीम और एंटी रोमियो टीम ने भी सक्रिय सहभागिता की। पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों और सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही, महिलाओं और बच्चों के हित में संचालित सरकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए जरूरत पड़ने पर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।

शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना, और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन से महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और समाज में उनके सम्मान को प्राथमिकता देने की अपील की गई।

पुलिस की ओर से लोगों को संदेश दिया गया कि महिलाओं या बालिकाओं के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न, दुर्व्यवहार, अथवा असुरक्षा की स्थिति सामने आने पर तत्काल संबंधित पुलिस को सूचना दें। महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आमजन की भागीदारी और सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया गया।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत विभिन्न विभागों और आमजन के समन्वय से जागरूकता एवं सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और महिला सशक्तिकरण के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना है।

पुलिस के अनुसार, महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देने के साथ ही समाज को उनके प्रति जिम्मेदार और संवेदनशील बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एमएस

Share this story

Tags