Samachar Nama
×

‘मिशन सहयोग’: सीईआईआर की मदद से 104 गुम मोबाइल बरामद, 21 लाख रुपए के फोन मालिकों को लौटाए

‘मिशन सहयोग’: सीईआईआर की मदद से 104 गुम मोबाइल बरामद, 21 लाख रुपए के फोन मालिकों को लौटाए
‘मिशन सहयोग’: सीईआईआर की मदद से 104 गुम मोबाइल बरामद, 21 लाख रुपए के फोन मालिकों को लौटाए

ग्रेटर नोएडा, 19 सितंबर (आईएएनएस)। गुम या खो चुके मोबाइल फोन की तलाश कर रहे लोगों के लिए ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बड़ी राहत दी है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘मिशन सहयोग’ के तहत सर्विलांस सेल ग्रेटर नोएडा ने तकनीकी माध्यमों की मदद से बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के 104 कीमती स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए गए। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी और उन्होंने गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की। पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद किए गए अधिकांश मोबाइल फोन अलग-अलग परिस्थितियों में गुम हुए थे। कई लोगों के मोबाइल भीड़भाड़ वाले स्थानों और साप्ताहिक बाजारों में कहीं गिर गए थे।

कुछ मोबाइल फोन लोगों के दो-पहिया वाहन चलाते समय या सुबह-शाम टहलने के दौरान गिर गए थे। इसके अलावा, कई लोग ऑटो, टैक्सी, बस, मेट्रो और ई-रिक्शा से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन वाहन में छूट गए। मोबाइल गुम होने के बाद संबंधित लोगों ने ग्रेटर नोएडा जोन के अलग-अलग थानों में इसकी सूचना देते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

मोबाइल फोन बरामद करने के लिए ग्रेटर नोएडा पुलिस की सर्विलांस सेल ने तकनीकी विश्लेषण का सहारा लिया। पुलिस ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आईडेंटिट रजिस्टर) पोर्टल की सहायता से गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की। तकनीकी जानकारी और सर्विलांस के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन का पता लगाया और उन्हें बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए सभी 104 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस कर दिए गए हैं। इस कार्रवाई से उन लोगों को भी राहत मिली है, जिन्होंने मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसकी तलाश में पुलिस से संपर्क किया था।

ग्रेटर नोएडा पुलिस का कहना है कि ‘मिशन सहयोग’ के तहत गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सीईआईआर पोर्टल और सर्विलांस सिस्टम की मदद से मोबाइल फोन को ट्रैक करने की प्रक्रिया में पुलिस को सफलता मिल रही है।

मोबाइल फोन वापस मिलने के बाद सभी वास्तविक स्वामियों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि मोबाइल फोन उनके लिए महत्वपूर्ण थे और उनके वापस मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags