मिशन-2027: अमित शाह से केशव प्रसाद मौर्य की मुलाकात, घर-घर पहुंचेगी सरकार की योजनाएं
लखनऊ, 25 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तैयारियों के बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव, संगठन की तैयारियों और केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के संकल्प को लेकर अमित शाह के साथ विस्तृत रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता प्रदेशभर में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर 'डबल इंजन' सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएंगे।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से आम लोगों तथा गरीब परिवारों को मिले लाभ की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाई जाएगी। इसके साथ ही 'विकसित भारत-2047' के लक्ष्य को लेकर भी लोगों के बीच सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों का संदेश पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारियों के साथ संगठन को भी और अधिक सक्रिय किया जाएगा। कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने तथा सरकार की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों का उल्लेख करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस अवधि में देश में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि पक्के आवास, स्वास्थ्य सुरक्षा, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुए कार्यों से गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में बदलाव आया है।
उन्होंने विपक्ष के लंबे शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में ऐसे कई कार्य हुए हैं, जो विपक्ष अपने लंबे शासनकाल में नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा देश के विकास और विश्व पटल पर भारत की भूमिका मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व आवश्यक है।
उपमुख्यमंत्री ने अमित शाह के मार्गदर्शन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का सांगठनिक अनुभव और मार्गदर्शन संगठन तथा सरकार को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शाह के सुझावों से आगे की रणनीति तय करने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन और सरकार के बीच समन्वय के साथ जनसंपर्क अभियान को और मजबूत किया जाएगा तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाया जाएगा।
--आईएएनएस
विकेटी/एसके

