Samachar Nama
×

'मिशन ग्रीन दिल्ली' पहल के तहत डीडीए ने पौधरोपण कार्यक्रम का किया आयोजन, कई पौधे लगाए गए

'मिशन ग्रीन दिल्ली' पहल के तहत डीडीए ने पौधरोपण कार्यक्रम का किया आयोजन, कई पौधे लगाए गए
'मिशन ग्रीन दिल्ली' पहल के तहत डीडीए ने पौधरोपण कार्यक्रम का किया आयोजन, कई पौधे लगाए गए

नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से प्रेरित 'मिशन ग्रीन दिल्ली' पहल के तहत दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की ओर से 'हरित दिल्ली अभियान' वृक्षारोपण कार्यक्रम 2026–27 आयोजित किया गया। इस दौरान कई पौधे लगाए गए।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए सुप्रीम कोर्ट के वकील विराग गुप्ता ने कहा, "ऐसे समय में जब दुनिया भर में तापमान बढ़ रहा है और जलवायु संकट गहराता जा रहा है, मॉनसून के मौसम में पेड़ लगाना एक अच्छी परंपरा है। हमारी परंपराओं और साहित्य में, जिसमें कालिदास का 'मेघदूत' भी शामिल है, पेड़ लगाने का बहुत महत्व है। मेरा मानना ​​है कि नई पीढ़ी और बच्चों को प्रकृति से और अधिक जुड़ना चाहिए। इससे न केवल उनके स्वास्थ्य को बल्कि धरती माता के स्वास्थ्य को भी लाभ होगा।"

विराग गुप्ता ने आगे कहा, "जब हम धरती माता से जुड़ते हैं तो हमारे अंदर बहुत तरीके की अच्छी भावनाएं पैदा होती हैं। एक पौधा हजारों बच्चों के बराबर होता है। पेड़ से फल, फूल और छाया मिलती है।" लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि हम पौधे लगाएं और देखरेख करें। इस तरह से हम एक हर-भरी धरती का निर्माण कर सकते हैं।

भाजपा नेता श्याम जाजू ने कहा, "प्रदूषण की समस्या का समाधान खोजने के लिए कोई काम नहीं कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डीडीए ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को लागू करने की बहुत अच्छी पहल की है। इस पहल के तहत, स्थानीय निवासियों की भागीदारी और डीडीए के सहयोग से गुलमोहर पार्क में कई पेड़ लगाए जा रहे हैं।"

एयर कमोडोर रंजन मुखर्जी ने कहा, "आज यहां लगभग 55 पौधे लगाए जा रहे हैं। यह 'ग्रीन दिल्ली' अभियान के तहत डीडीए की एक पहल है, जो देश के नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' के आह्वान से प्रेरित है। यही स्लोगन टोपियों पर भी लिखा हुआ देख सकते हैं। बड़ी संख्या में लोग सुबह यहां टहलने आते हैं।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम

Share this story

Tags