मणिपुर में उग्रवादियों ने दो गाड़ियों पर की अंधाधुंध फायरिंग, वीडियो में जाने 2 महिलाओं समेत 4 लोगों की मौत; इलाके में तनाव
मणिपुर में हिंसा की घटनाएं एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। शुक्रवार को उखरुल जिले में उग्रवादियों ने दो गाड़ियों को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह हमला इम्फाल-उखरुल रोड पर न्यू हेवन इलाके में हुआ। दोनों गाड़ियों में सवार चार लोगों को हमलावरों ने निशाना बनाया। इनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। गोलीबारी इतनी भीषण थी कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को दोनों गाड़ियों के आगे के शीशों पर गोलियों के कई निशान मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने सामने से गाड़ियों पर गोलियां चलाई थीं।
एक दिन पहले भी हुई थी गोलीबारी
मणिपुर में इस हमले से एक दिन पहले भी गोलीबारी की घटना सामने आई थी। कांगपोकपी जिले के ताफोउ कुकी गांव और सेनापति जिले के कैलेंगजांग के पास गोलीबारी हुई थी। इस घटना में 42 वर्षीय एक कुकी महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि दो पुरुष घायल हो गए थे।लगातार हो रही हिंसक घटनाओं ने पहाड़ी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ताजा हमले के बाद स्थानीय लोगों में डर और तनाव का माहौल है।
कुकी और नागा समुदायों के बीच भी बढ़ा तनाव
जानकारी के मुताबिक, इस साल फरवरी से मणिपुर के पहाड़ी जिलों में कुकी और नागा समुदायों के बीच हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में सामुदायिक तनाव लगातार बना हुआ है।सुरक्षा एजेंसियां अलग-अलग इलाकों में हुई गोलीबारी की घटनाओं को गंभीरता से ले रही हैं। हालांकि, उखरुल में चार लोगों की हत्या के पीछे किन लोगों का हाथ है और हमले का मकसद क्या था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
मई 2023 से जारी है मणिपुर में जातीय संघर्ष
मणिपुर में मई 2023 में घाटी के मैतेई और पहाड़ी इलाकों के कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष शुरू हुआ था। इसके बाद राज्य में लगातार हिंसा, आगजनी और गोलीबारी की घटनाएं सामने आती रही हैं।इस संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 49 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हिंसा के कारण हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े और वे विस्थापित हो गए।लंबे समय से जारी इस संघर्ष का असर राज्य की सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था पर भी पड़ा है। ताजा घटनाओं ने एक बार फिर मणिपुर में शांति बहाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल उखरुल में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस जांच कर रही है।

