मिशिगन से जीते अब्दुल-अल-सैयद, बोले 'सीनेट के लिए चुना जाना सम्मान और सौभाग्य की बात'
वाशिंगटन, 4 नवंबर (आईएएनएस)। मिशिगन ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल अल सैयद को अपना अगला सीनेटर चुना है। अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी और रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स को हरा दिया। अब्दुल ने माना कि ये उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है।
जीत के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने अपनी राय रखी। पेशे से चिकित्सक सैयद ने लिखा, "मिशिगन की सेवा करने के लिए अमेरिकी सीनेट जाना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। मिशिगन, हमने वह कर दिखाया जिसे लोग कहते थे कि किया ही नहीं जा सकता। हम जीत गए। एक साथ मिलकर। अब असली काम शुरू होता है।"
इस जीत के साथ ही वो अमेरिकी सीनेट तक पहुंचने वाले पहले मुस्लिम शख्स होंगे। चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें उनके धर्म को लेकर काफी टारगेट किया गया था। बुधवार रात को उन्होंने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए जो कहा, वो उसका जवाब था।
जीत से उत्साहित सैयद ने मंच से कहा, "मेरा नाम अब्दुल रहमान अल सैयद है और मिशिगन हमने जीत हासिल कर ली। मुझे खुशी है कि मैं आपके सामने बतौर सीनेटर इलेक्ट खड़ा हूं।"
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, "हम सभी जानते हैं कि मेरे नाम और मेरे धर्म की वजह से आपका पेट्रोल खरीदना महंगा नहीं हुआ है। न ही इसकी वजह से आप राशन खरीदने में परेशानी झेल रहे हैं और न ही आपको डॉक्टर के पास जाने में दिक्कत हो रही है।"
फिर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पर निशाना साधते हुए अब्दुल ने कहा, "मुझे पता है कि आपको मेरा नाम बोलने में परेशानी होती है। इसलिए जनवरी में जब जेडी वेंस मुझे सीनेटर पद की शपथ दिलाएंगे, तो आप मुझे सीनेटर कहकर बुला सकते हैं।"
मुद्दों की बात करें तो अब्दुल ने चुनाव प्रचार में स्वास्थ्य सेवा सबके लिए उपलब्ध कराने, महंगाई कम करने और इजरायल को अमेरिकी सैन्य मदद बंद कराने पर जोर दिया था।
--आईएएनएस
केआर/

