Samachar Nama
×

मियामी ओपन: जीत के साथ फिल्स-लेहेको ने कटाया सेमीफाइनल का टिकट

मियामी, 26 मार्च (आईएएनएस)। फ्रांस के युवा टेनिस खिलाड़ी आर्थर फिल्स ने मियामी ओपन के क्वार्टर फाइनल में अमेरिका के टॉमी पॉल को 6-7(3), 7-6(4), 7-6(6) से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ उन्होंने अपने पहले एटीपी मास्टर्स 1000 सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
मियामी ओपन: जीत के साथ फिल्स-लेहेको ने कटाया सेमीफाइनल का टिकट

मियामी, 26 मार्च (आईएएनएस)। फ्रांस के युवा टेनिस खिलाड़ी आर्थर फिल्स ने मियामी ओपन के क्वार्टर फाइनल में अमेरिका के टॉमी पॉल को 6-7(3), 7-6(4), 7-6(6) से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ उन्होंने अपने पहले एटीपी मास्टर्स 1000 सेमीफाइनल में जगह पक्की की।

दो घंटे 47 मिनट तक चले मुकाबले में 21 साल के फिल्स ने दबाव में भी धैर्य बनाए रखा। आखिरी सेट के टाई-ब्रेक में वे 2-6 से पीछे होने के बाद लगातार छह प्वाइंट जीतकर मैच अपने नाम करने में सफल रहे। हालांकि, उन्होंने पॉल की सर्विस को बिना तोड़े ही जीत हासिल की।

28वें वरीयता प्राप्त खिलाड़ी फिल्स ने पूरे मैच में आक्रामक खेल दिखाया और जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, बॉल को और ताकत से हिट किया। यह जीत उनके लिए बेहद खास रही, क्योंकि इससे पहले उन्होंने अपने चारों एटीपी मास्टर्स 1000 क्वार्टर फाइनल में हार का सामना किया था, जिसमें हाल ही में इंडियन वेल्स में बाहर होना भी शामिल था।

इस जीत के साथ फिल्स 2007 में पेरिस में रिचर्ड गैस्केट के 21 साल की उम्र में सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद सबसे कम उम्र में अंतिम चार का टिकट हासिल करने वाले फ्रेंच खिलाड़ी बन गए। उनका अगला मुकाबला चेक खिलाड़ी जिरी लेहेको से होगा, जिनके साथ उनका हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 2-1 का है। उनका सबसे हालिया मुकाबला इस साल की शुरुआत में दोहा में हुआ था, जहां फिल्स ने सीधे सेटों में जीत दर्ज की थी।

जिरी लेहेको ने क्वार्टर फाइनल में स्पेन के मार्टिन लैंडालूस को 7-6(1) और 7-5 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। 20 वर्षीय लैंडालूस का प्रदर्शन टूर्नामेंट में शानदार रहा। वह 1994 के बाद से सबसे कम रैंकिंग के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ी रहे। लैंडालूस 2006 या उसके बाद पैदा हुए पहले ऐसे खिलाड़ी भी बने जो मास्टर्स 1000 इवेंट के आखिरी आठ में पहुंचे।

दोनों सेट में लेहेको ने अपने खास पलों पर अच्छा खेल दिखाया। उन्होंने 10 ब्रेक-प्वाइंट मौके बनाए, जबकि उनके विरोधी खिलाड़ी सिर्फ एक ही ब्रेक-प्वाइंट बना सका। अंत में दूसरे सेट में इसका फायदा उठाकर लेहेको ने 2 घंटे 2 मिनट में जीत हासिल की। इस हफ्ते लेहेको की रैंकिंग में सुधार हुआ और वे वर्ल्ड नंबर 16 पर पहुंच गए, जो उनके करियर का हाईएस्ट रैंकिंग भी है। वहीं लैंडालूस तीन टॉप-50 खिलाड़ियों पर जीत के दम पर 48 स्थान ऊपर चढ़कर 103वें नंबर पर पहुंच गए।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story

Tags