Samachar Nama
×

एमएचआरबी भर्ती 2026 : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के 560 पदों पर आवेदन जारी, 20 सितंबर तक मौका

एमएचआरबी भर्ती 2026 : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के 560 पदों पर आवेदन जारी, 20 सितंबर तक मौका
एमएचआरबी भर्ती 2026 : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के 560 पदों पर आवेदन जारी, 20 सितंबर तक मौका

दिसपुर, 8 सितंबर (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े जो लोग नौकरी की तलाश में जुटे हैं, उनके लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य भर्ती बोर्ड (एमएचआरबी), असम ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी-I (एम एंड एचओ-I) के कुल 560 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।

एमएचआरबी की ओर से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी-I पोस्ट के लिए जारी 560 रिक्तियों में ओपन (अनारक्षित) के 316, ओबीसी/एमओबीसी के 140, एससी के 23, एसटी (मैदानी इलाके) - एसटीपी के 58 और एसटी (पहाड़ी इलाके) - एसटीएच के 23 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 सितंबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), असम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास एमसीआई (मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया) से मान्यता प्राप्त किसी भी यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस डिग्री और उम्मीदवार का असम मेडिकल काउंसिल में रजिस्टर्ड होना जरूरी है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 38 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

कैडिडेट्स ध्यान दें कि सिलेक्शन की प्रक्रिया के बारे में बाद में नोटिस जारी करके जानकारी दी जाएगी। बोर्ड मिले हुए आवेदनों की संख्या के आधार पर इन पदों के लिए सिलेक्शन की प्रक्रिया तय करेगा। वहीं, चयनित उम्मीदवारों की सैलरी 30,000 से 1,10,000 रुपए के बीच के साथ ग्रेड पे 12,700 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल के लिए 250 रुपए और ओबीसी/एमओबीसी/एससी/एसटी (पी)/एसटी (एच) उम्मीदवारों के लिए 150 रुपए तय किया गया है। वहीं, दिव्यांगों को रजिस्ट्रेशन फीस के भुगतान से छूट दी गई है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story