'मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज करने में ज्यादा व्यस्त है भाजपा', अभिषेक बनर्जी का केंद्र पर निशाना
कोलकाता, 28 जुलाई (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए भाजपा सरकार और मीडिया के एक वर्ग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर लगातार एफआईआर दर्ज कराई जा रही हैं।
अभिषेक बनर्जी ने लिखा कि उन्हें लगता है कि पश्चिम बंगाल में सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार ने लोगों तक आयुष्मान भारत और लक्ष्मीर भंडार जैसी योजनाओं का लाभ पहुंचाने से ज्यादा समय उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने में लगाया है।
उन्होंने मीडिया के एक वर्ग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ मीडिया संस्थान इस राजनीतिक प्रतिशोध को बढ़ावा दे रहे हैं और सत्ता में बैठे लोगों के इशारों पर काम करते हुए बुनियादी पत्रकारिता के सिद्धांतों की अनदेखी कर रहे हैं।
टीएमसी सांसद ने दावा किया कि उनके खिलाफ वही राजनीतिक रूप से प्रेरित लोग एफआईआर दर्ज करा रहे हैं, जो डायमंड हार्बर में उनके जनसेवा कार्यों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनमें निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और कोविड-19 टेस्ट आयोजित करना, सड़क निर्माण तथा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का विकास जैसे कार्य शामिल हैं।
अभिषेक बनर्जी ने लिखा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि तथाकथित डबल इंजन सरकार विकास और अच्छे कामों से इतनी ज्यादा परहेज करेगी।"
उन्होंने अपने विरोधियों और मीडिया के एक वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से वह न तो डरने वाले हैं और न ही उनका काम रुकने वाला है।
उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, "मैं उनसे और मीडिया में अपने मित्रों से सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि इस तरह की रणनीतियां मुझे डरा नहीं सकतीं और न ही मेरी रफ्तार धीमी कर सकती हैं। आप जो कर सकते हैं, कीजिए। मैं वही करता रहूंगा, जिसके लिए जनता ने मुझे चुना है।"
--आईएएनएस
डीएससी

