मेरा लक्ष्य बुमराह की तरह विकेट लेना और भारत को मैच जिताना है: यश ठाकुर
नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। युवा तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने कहा है कि डेथ गेंदबाजी में महारत हासिल करना उनके करियर का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि वे जसप्रीत बुमराह को अपना आदर्श मानते हैं और सभी फॉर्मेट में उनकी तरह प्रदर्शन करते हुए भारत को जीत दिलाना चाहते हैं।
यश ठाकुर ने जियोस्टार पर कहा, "मैंने जब से विदर्भ के लिए व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेलना शुरू किया, उसी समय से डेथ ओवरों का विशेषज्ञ गेंदबाज बनना मेरा लक्ष्य रहा है। मैच आखिरी ओवरों में ही जीते या हारे जाते हैं। मैं अपनी टीम के लिए उन्हीं ओवरों में अहम भूमिका निभाना चाहता था।"
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कहा कि घरेलू क्रिकेट से इंडिया ए और अब सीनियर नेशनल टीम तक के सफर में उनकी यह सोच नहीं बदली है।
उन्होंने कहा, "मैंने अपने पूरे करियर में इसी सोच को बनाए रखा है। चाहे मैं विदर्भ, इंडिया ए या आईपीएल के लिए खेल रहा होऊं, मैं डेथ गेंदबाजी को क्रिकेट की सबसे बड़ी चुनौती मानता हूं और इसमें महारत हासिल करना चाहता हूं। अगर मैं दबाव वाले हालात में अच्छा प्रदर्शन कर पाता हूं, तभी मैं असल में टीम पर असर डाल सकता हूं।"
ठाकुर ने अपनी सोच पर जसप्रीत बुमराह के प्रभाव का जिक्र किया और उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "मैं जसप्रीत बुमराह का बहुत सम्मान करता हूं क्योंकि वे हर फॉर्मेट और खेल के हर चरण में शानदार गेंदबाजी करते हैं। वे हालात को समझते हैं और उसी के हिसाब से खुद को ढाल लेते हैं।"
तेज गेंदबाज ने कहा, "मैं उनके तरीके को अपनाने की कोशिश करता हूं, ताकि मैं ऐसा गेंदबाज बन सकूं जिस पर कप्तान खेल के किसी भी चरण में भरोसा कर सके—चाहे वह पावरप्ले हो, मिडिल ओवर हो या डेथ ओवर। मेरा लक्ष्य ऐसा खिलाड़ी बनना है जो विकेट ले सके और मैच जिता सके, ठीक वैसे ही जैसे बुमराह भारत के लिए करते हैं।"
--आईएएनएस
पीएके

