Samachar Nama
×

मेंस अंडर-18 एशिया कप: आशीष की हैट्रिक, चीनी ताइपे को 13-1 से रौंदकर सेमीफाइनल में भारत

काकामिगहारा (जापान), 3 जून (आईएएनएस)। 'मेंस अंडर-18 एशिया कप 2026' के अपने आखिरी 'पूल ए' मैच भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चीनी ताइपे के खिलाफ 13-1 से बड़ी जीत दर्ज की। भारत को दमदार जीत दिलाने में आशीष तानी पूर्ति की हैट्रिक का अहम योगदान रहा। इसी के साथ भारत ने शुक्रवार को खेले जाने वाले सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
मेंस अंडर-18 एशिया कप: आशीष की हैट्रिक, चीनी ताइपे को 13-1 से रौंदकर सेमीफाइनल में भारत

काकामिगहारा (जापान), 3 जून (आईएएनएस)। 'मेंस अंडर-18 एशिया कप 2026' के अपने आखिरी 'पूल ए' मैच भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चीनी ताइपे के खिलाफ 13-1 से बड़ी जीत दर्ज की। भारत को दमदार जीत दिलाने में आशीष तानी पूर्ति की हैट्रिक का अहम योगदान रहा। इसी के साथ भारत ने शुक्रवार को खेले जाने वाले सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

भारत ने पूल चरण में कजाकिस्तान, कोरिया और चीनी ताइपे के खिलाफ जीत दर्ज की, जबकि मेजबान जापान से उसे हार का सामना करना पड़ा। इस प्रदर्शन के आधार पर भारत ने चार मुकाबलों में कुल 9 अंक हासिल कर लिए हैं।

बुधवार को जापान के काकामिगहारा में आयोजित मुकाबले में आशीष तानी पूर्ति (27', 35', 42') ने हैट्रिक लगाई, जबकि गाजी खान (40', 44'), सिद्धार्थ बेन (30', 52') और राहुल यादव (20', 54') ने दो-दो गोल किए। इनके अलावा, करण गौतम (7'), प्रेमचंद सोय (11'), कप्तान केतन कुशवाहा (13') और वरिंदर सिंह (50') ने एक-एक गोल किया।

मैच की शुरुआत से ही भारत ने अपने इरादे साफ कर दिए थे। 7वें मिनट में करण ने भारत को मिले पहले पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मैच का खाता खोला। इसके बाद प्रेमचंद (11’) ने एक फील्ड गोल करके भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया, जबकि कप्तान कुशवाहा (13’) ने मुकाबले का तीसरा गोल दागकर पहले क्वार्टर के अंत तक भारत को मजबूत स्थिति में ला दिया।

दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा कायम रहा। राहुल यादव (20’) ने चौथा गोल किया, जिसके बाद पूर्ति (27’) ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 5-0 कर दिया।

हाफ-टाइम से ठीक पहले सिद्धार्थ (30’) ने एक और फील्ड गोल करके भारत के लिए दूसरे क्वार्टर को बेहद सफल बनाया। हालांकि, चीनी ताइपे की तरफ से योंग-ज्यून झांग (30+) ने हाफ-टाइम का हूटर बजने से ठीक पहले पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करके स्कोर 6-1 कर दिया।

ब्रेक के बाद भारत ने आक्रामक अंदाज जारी रखा। 35वें मिनट में पूर्ति ने एक और सेट-पीस से अपना दूसरा गोल किया, जिससे स्कोर 7-1 हो गया। फिर खान (40’) ने भी कमाल दिखाया और एक पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त को और बढ़ा दिया। आशीष (42’) ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक पूरी की, जबकि गाजी खान (44’) ने अपना दूसरा गोल किया। भारत 10-1 की विशाल बढ़त के साथ आखिरी क्वार्टर में पहुंचा।

चौथे क्वार्टर में भी भारत ने अपना दबाव बरकरार रखते हुए सेट-पीस से सटीक खेल दिखाया। वरिंदर (50’) ने एक पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जिसके बाद सिद्धार्थ (52’) ने मैच का अपना दूसरा गोल किया। यादव (54’) ने मैच का अपना दूसरा गोल करके भारत के लिए 13-1 की जबरदस्त जीत सुनिश्चित कर दी।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags