मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स: सेमीफाइनल में चली भारत-ए की 'तिकड़ी', श्रीलंका-ए को 318 रन का टारगेट
दोहा, 26 नवंबर (आईएएनएस)। अभिषेक शर्मा, कप्तान तिलक वर्मा और शाहबाज अहमद की अर्धशतकीय पारियों के दम पर भारत-ए ने श्रीलंका-ए के खिलाफ सेमीफाइनल-1 में जीत के लिए 318 रन का विशाल लक्ष्य रखा है।
वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले को जीतने वाली टीम रविवार को सेमीफाइनल-2 (पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश) की विजेता टीम के खिलाफ खिताबी मैच खेलेगी।
गुरुवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 317 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 48 गेंदों में 80 रन की साझेदारी की। वैभव 27 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए।
यहां से कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 83 गेंदों में 79 रन जुटाकर टीम को 159 के स्कोर तक पहुंचा दिया। अभिषेक 63 गेंदों में 12 बाउंड्री की मदद से 78 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
इसके बाद तिलक वर्मा (66 गेंदों में 53 रन) ने कुमार कुशाग्र (21) के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 रन जुटाए। भारतीय टीम ने 235 के स्कोर तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद शाहबाज अहमद ने तनुष कोटियान (28) के साथ सातवें विकेट के लिए 55 गेंदों में 73 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 300 के पार पहुंचा दिया। शाहबाज 48 गेंदों में 4 छक्कों की मदद से 54 रन बनाकर नाबाद रहे।
श्रीलंकाई खेमे से रविंदु फर्नांडो, जनिथ लियानागे और निपुण धनंजय ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि गरुका संकेथ और लाहिरू समरकून ने 1-1 विकेट चटकाया।
तिलक वर्मा की कप्तानी में भारत-ए की प्लेइंग इलेवन में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, तनुश कोटियन, हर्ष दुबे, हर्षित राणा और अरशद खान को मौका दिया गया है।
वहीं, श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन में कप्तान पवन रत्नायके के अलावा, लसिथ क्रूसपुले, सिनेथ जयवर्धने, निशान मदुष्का (विकेटकीपर), , निपुण धनंजय, जनिथ लियानागे, वानुजा सहान, विजयकांत व्यासकांत, रविन्दु फर्नांडो, लाहिरू समरकून और गरुका संकेथ शामिल हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी

