Samachar Nama
×

मेघालय में 40,000 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का ऐलान, सीएम संगमा ने जताया आभार

शिलांग, 15 जून (आईएएनएस)। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का राज्य में बड़े पैमाने पर सड़क परियोजनाओं की घोषणा और शिलान्यास को लेकर आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह राज्य के इतिहास का सबसे बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले चरण में 3,214 करोड़ रुपए की लागत से 4 नए राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण और 2 राष्ट्रीय राजमार्गों का उन्नयन शामिल है।

इन परियोजनाओं में तुरा बाईपास, ढुबरी–फुलबाड़ी ब्रिज से सेल्सेला सिम्बुकोलग्रे (पैकेज I), पिनुरसला बायपास (शिलांग–डॉकी रोड पैकेज III) और सेल्सेला सिम्बुकोलग्रे से गोएराग्रे (पैकेज II) शामिल हैं। इसके साथ ही शिलांग–डॉकी रोड (पैकेज I) और जवाई बाईपास के उन्नयन की भी घोषणा की गई है।

संगमा ने कहा कि यह निवेश राज्य में कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, आर्थिक विकास को गति देगा और लोगों के लिए नए अवसर पैदा करेगा।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने मेघालय और पूरे पूर्वोत्तर के लिए करीब 39,800 करोड़ रुपए के नए हाईवे प्रोजेक्ट्स की भी घोषणा की है। इनमें शिलांग-सिलचर ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, जोराबाट-उमियम (बारापानी) हाई-स्पीड कॉरिडोर, डारुगिरी-बाघमारा-डालू कनेक्टिविटी और शिलांग-डॉकी विस्तार जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।

इन योजनाओं के तहत तुरा बाईपास, पिनुरसला बाईपास और अन्य रणनीतिक सड़क नेटवर्क को भी विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण नहीं है, बल्कि यह मेघालय की आर्थिक क्षमता को खोलने, किसानों, उद्यमियों और युवाओं को सशक्त बनाने और राज्य को पूर्वोत्तर के एक रणनीतिक प्रवेश द्वार के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से यात्रा समय में कमी आएगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, सीमा व्यापार मजबूत होगा और हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे। कॉनराड संगमा ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह निवेश मेघालय के विकास के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags