मेरठ पुलिस की कार्रवाई, पेपर लीक मामले में 20 हजार का इनामी मास्टरमाइंड गिरफ्तार
लखनऊ, 7 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की मेरठ पुलिस ने सोमवार को प्रतियोगी परीक्षाओं में सेंधमारी करने वाले सॉल्वर गैंग के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनू उर्फ प्रशांत कुमार के रूप में हुई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 20 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
आरोप है कि मोनू देश के अलग-अलग राज्यों में आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में सॉल्वर बैठाकर और अन्य तरीकों से सेंधमारी करता था। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
मोनू की गिरफ्तारी थाना सिविल लाइन पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में एसटीएफ ने मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और प्रतियोगी परीक्षाओं में सेंधमारी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
इस मामले को लेकर बीबीजीटीएस मूर्ति, एसएसपी मेरठ ने जानकारी दी कि सोमवार को जनपद मेरठ की थाना सिविल लाइन पुलिस और स्वाट टीम को एक अच्छी सफलता मिली है। पुलिस ने मोनू उर्फ प्रशांत कुमार नाम के एक 20 हजार रुपए के वांछित इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो देश के अलग-अलग राज्यों के प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटना में शामिल था।
आरोपी वर्ष 2023 में पेपर लीक करने और सॉल्वर गैंग के एक संगठित अपराधी के रूप में वांछित था। यह 20 हजार रुपए का इनामी अपराधी था। पुलिस टीम ने इसे गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच एवं विधिवत कार्रवाई में जुटी है। वहीं, एसएसपी मेरठ ने पुलिस टीम की ओर से की गई इस कार्रवाई की प्रशंसा की और उन्होंने कहा कि इसके लिए टीम में शामिल सभी को सम्मानित भी किया जाएगा।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

