Samachar Nama
×

मेरठ में मस्जिद निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, थाने में दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस

मेरठ में मस्जिद निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, थाने में दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस
मेरठ में मस्जिद निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, थाने में दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस

मेरठ, 13 सितंबर (आईएएनएस)। मेरठ के रेलवे रोड थाना क्षेत्र की केसरगंज दाल मंडी में मस्जिद के निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। मस्जिद के कथित विवादित निर्माण का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है और रविवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने थाने में शिकायती पत्र दिए हैं, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, केसरगंज दाल मंडी में स्थित एक मस्जिद में तीन दिन पहले निर्माण कार्य चल रहा था। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि यह निर्माण बिना अनुमति के किया जा रहा है। शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आपसी सहमति से निर्माण कार्य को रुकवा दिया था, लेकिन रविवार को इस मामले ने नया मोड़ ले लिया।

व्यापारी ईश्वरचंद ने आरोप लगाया कि मस्जिद के इमाम, मोहतमिम और अन्य लोगों ने उसके साथ बदसलूकी, मारपीट और धमकी दी। इस शिकायत पर पुलिस मस्जिद के इमाम और उनके बेटे को हिरासत में लेकर रेलवे रोड थाने ले आई।

इमाम को हिरासत में लेने की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही भी थाने पहुंचे।

वहीं, दूसरी तरफ इमाम को हिरासत में लिए जाने की खबर पर एआईएमआईएम और समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही और एक मीडियाकर्मी ने जबरन मस्जिद में घुसने की कोशिश की, जिसका मौलाना ने विरोध किया।

दूसरे पक्ष का आरोप है कि सचिन सिरोही हिंदू संगठन की आड़ में शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसे हिंदू-मुस्लिम रंग देने की कोशिश की जा रही है।

दूसरे पक्ष ने भी सचिन सिरोही और मीडियाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर ले ली है। तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

इस मामले में मेरठ एसपी सिटी विनायक भोसले ने कहा, "हमें सूचना प्राप्त हुई कि केसरगंज मंडी में एक मस्जिद स्थित है। तीन दिन पूर्व में वहां पर कंस्ट्रक्शन हो रहा था, जो बिना अनुमति के होने की बात प्रकाश में आई थी। आपसी सहमति से कंस्ट्रक्शन रोक दिया गया था। किसी मीडिया चैनल द्वारा उनका इंटरव्यू लिया जा रहा था। उस समय किसी बात को लेकर असहमति बनी और हल्की नोकझोंक हुई है। पुलिस ने तुरंत वहां पर दखल दिया और फिलहाल शांत व्यवस्था कायम है। जिनके भी नाम सामने आए, उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।"

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story

Tags