म्बाप्पे 'घटिया' टिप्पणी के लिए माफी मांगे, या कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें: पैराग्वे सीनेटर सेलेस्टे अमरिला
नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। पैराग्वे की सीनेटर सेलेस्टे अमरिला ने काइलियन म्बाप्पे को एक पत्र लिखते हुए उनसे उनकी विवादित टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। अमरिला ने म्बाप्पे द्वारा माफी न मांगने की स्थिति में उनके खिलाफ 'जेंडर-आधारित हिंसा' के लिए कानूनी कार्रवाई की धमकी दी है।
पैराग्वे की लिबरल रेडिकल पार्टी से सीनेटर सेलेस्टे ने फीफा वर्ल्ड कप के आखिरी 16 में फ्रांस से अपने देश की हार के बाद एक्स पर टिप्पणी की थी। इसके जवाब में, म्बाप्पे ने कहा, "आप एक घटिया महिला हैं और अपने पद के लायक नहीं हैं। आप पैराग्वे का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं, वह देश जिसने पूरी प्रतियोगिता में जोश और सम्मान दिखाया है।"
सोशल मीडिया पर साझा पत्र में सीनेटर अमरिला ने माना कि उन्होंने हार के बाद गुस्से में गाली-गलौज वाली पोस्ट की, लेकिन जब उन्हें एहसास हुआ कि वह 'वही बर्ताव दोहरा रही हैं जिससे उन्हें नफरत है' तो उन्होंने उन्हें तुरंत डिलीट कर दिया।"
उन्होंने लिखा, "मेरे पोस्ट उस समय के गुस्से में लिखे गए थे, जब मेरा खून खौल रहा था, एक मिली-जुली विरासत का खून, स्वदेशी और स्पेनिश वंश का एक सुंदर मिश्रण जो मेरी रगों में दौड़ता है। मैंने उन्हें तब लिखा जब आप उन असाधारण पैराग्वे के खिलाड़ियों का मजाक उड़ा रहे थे, जो आखिरी सीटी बजने तक बराबरी से लड़े थे। हालांकि, मुझे तुरंत पछतावा हुआ कि मैंने आपको उन्हीं गालियों के साथ जवाब दिया जो मुझे भी मिलती हैं। मुझे एहसास हुआ कि मैं वही बर्ताव दोहरा रही थी जिससे मुझे नफरत है, इसलिए मैंने पोस्ट डिलीट कर दिया। मैं समझती हूं कि मेरी बातों से आपको बुरा लगा क्योंकि बेइज्ज़ती से दुख होता है।"
अमरिला ने पत्र में आगे एम्बाप्पे के जवाब पर कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने उन्हें 'एक घटिया औरत, उस ऑफिस के लायक नहीं' कहा, जिस पर वह हैं। उन्होंने तुरंत बयान वापस लेने की मांग की और एक औरत और राजनीतिक प्रतिनिधि के तौर पर अपनी इज्जत पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की धमकी दी।
उन्होंने आगे कहा, "अब मैं मांग करती हूं कि आप भी अपने बयान वापस लें और मुझसे माफी मांगें। मैं आपकी हिंसा भी बर्दाश्त नहीं करूंगी। आप मुझे नहीं जानते। आपको नहीं पता कि मैं कौन हूं, और आपको यह कहने का कोई हक नहीं है कि मैं एक घटिया औरत हूं, उस ऑफिस के लायक नहीं, जिस पर मैं हूं।"
अमरिला ने कहा, "मैं पैराग्वे राष्ट्र की एक सीनेटर हूं, जिसे लोगों ने चुना है। उससे पहले, मैं एक नेशनल डिप्टी थी, जिसे भी लोगों ने चुना था। हजारों पैराग्वे के पुरुषों और महिलाओं ने मुझे वोट दिया और वे मुझे अपनी आवाज मानते हैं। आप कौन होते हो, मुझे नाकाबिल या घटिया कहने वाले, जब तुम मुझे जानते भी नहीं? यह तो खुलेआम जेंडर आधारित हिंसा है।"
उन्होंने लिखा, "यह एक ऐसी महिला के खिलाफ राजनीतिक हिंसा है जिसने अपने लोगों के प्रजातांत्रिक वोट से अपनी जगह बनाई है। तुम मेरी बेइज्जती करते हो क्योंकि मैं एक महिला हूं। तुम एक महिला और एक राजनीति प्रतिनिधि के तौर पर मेरी इज्जत पर हमला करते हो। अपने बयान वापस लो, अपनी फ्रेंच नागरिकता का सम्मान करो, और माफी मांगो। नहीं तो, मैं जेंडर पर आधारित हिंसा के लिए कानूनी कार्रवाई कर सकती हूं।"
इस बीच, पैराग्वे के सीनेटर के नस्लभेदी गाली के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और फीफा प्रमुख जियानी इन्फेंटिनो म्बाप्पे के साथ खड़े हो गए।
मैक्रों ने एक्स पर लिखा, "काइलियन म्बाप्पे का एक और गोल। इस बार नस्लवाद के खिलाफ। मेरा पूरा समर्थन। जब शब्द गलत होते हैं, तो हमारे मूल्य जवाब देते हैं—इज्जत, सम्मान, भाईचारा।"
इन्फेंटिनो ने कहा, "मैं पैराग्वे की सीनेटर सेलेस्टे अमरिला के काइलियन म्बाप्पे के लिए किए गए नस्लभेदी कमेंट्स की पूरी तरह से निंदा करता हूं। पूरा फुटबॉल और समाज फ्रांस के कप्तान के साथ एकजुटता में खड़ा है—हमें नस्लवाद से लड़ने और इसे एक साथ हराने की जरूरत है।"
--आईएएनएस
पीएके

